Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

मेडिकल कॉलेजों पर जल्द शुरू होगा काम, प्रोफेसर, असिसटेंट प्रोफेसर की होंगी नियुक्तियां..

मेडिकल कॉलेजों पर जल्द शुरू होगा काम, प्रोफेसर, असिसटेंट प्रोफेसर की होंगी नियुक्तियां..

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सहित सभी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढीकरण पर जोर दिया जा रहा है और जल्द ही तीन नए मेडिकल कॉलेजों पर काम शुरू हो जायेगा। कोविड़- 19 से पीड़ित होने के कारण एकांतवास में रह रहे मुख्यमंत्री रावत ने संवाददाताओं से ऑनलाइन बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर सरकार का ध्यान है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में रूद्रपुर, हरिद्वार व पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण वह आजकल एकांतवास में हैं लेकिन प्रदेश के कामकाज में कहीं अवरोध नहीं हैं। सुदूर गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए रावत ने कहा कि प्रदेश में 108 सेवा के लिए 138 नए वाहन दिए जा रहे हैं और जल्द ही 403 डॉक्टरों व 2600 नर्सों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर, असिसटेंट प्रोफेसर व एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति भी शीघ्र हो जाएगी।

 

कोविड-19 को देखते हुए स्वास्थ्य इंतजामों को मजबूत किया गया है साथ ही जिला स्तर तक अस्पतालों में वेंटिलेटर, बिस्तर तथा आइसीयू तक की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा प्रदेश से पलायन रोकने की दिशा में भी कई प्रयास किए जा रहे हैं और इसके लिए पर्यटन और तीर्थाटन पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। पलायन रोकने के लिए नई संभावनाएं तलाशने के लिए हर विभाग से फीडबैक लिया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है और संतों से लेकर श्रद्धालुओं तक की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

 

हाल में लोकनिर्माण विभाग के अभियंताओं के निलंबन के बारे में रावत ने कहा कि विकास योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि गलत के लिए हमारी सरकार में कोई स्थान नहीं है और गड़बड़ी पर किसी को बख्शा नहीं जायेगा. रावत ने कहा कि काम की गुणवत्ता और समयबद्धता के लिए जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top