उत्तराखंड

सल्ट उपचुनाव: हर गतिविधि पर रहेगी सरकार और संगठन की निगाह..

सल्ट उपचुनाव: हर गतिविधि पर रहेगी सरकार और संगठन की निगाह..

उत्तराखंड: त्रिवेंद्र राज के दायित्वधारियों को कुर्सी से हटाने के बाद अब उन चेहरों की वापसी हो सकती है जो सल्ट विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में दमखम दिखाते नजर आएंगे। कहा जा रहा है कि सल्ट विधानसभा उपचुनाव के बाद ही मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत नए दायित्वों की घोषणा भी करेंगे।

भाजपा के लिए सल्ट विधानसभा उपचुनाव नाक का सवाल बना हुआ है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की यह पहली चुनावी परीक्षा है। पार्टी ने पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के भाई महेश जीना को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस भी उपचुनाव में बेहद गंभीरता के साथ लड़ती दिखाई दे रही है। प्रत्याशी के मैदान में उतरते ही सल्ट चुनाव का प्रचार भी गरमाने लगा है। अगले कुछ दिन में सरकार के तकरीबन सभी मंत्री व बड़े नेता सल्ट में प्रचार करते नजर आएंगे।

 

अब पदों से हटा दिए जाने के बाद पूर्व दायित्वधारियों को अपने दमखम से प्रचार में जुटना होगा। संगठन और सरकार की पूर्व दायित्वधारियों पर निगाह रहेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, जो नेता जितना सक्रिय होगा, उसकी सरकार में वापसी की उतनी अधिक संभावना होगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का कहना है कि दायित्व तय करना सरकार का विशेषाधिकार है। इसमें संगठन का कोई दखल नहीं है। संगठन में जो कार्यकर्ता कसौटी पर खरा उतरता है, उसे पूरा सम्मान मिलता है।

 

तीन दिन प्रभारी के साथ सल्ट में डेरा डालेंगे कौशिक..

भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आठ अप्रैल से 11 अप्रैल तक सल्ट विधानसभा क्षेत्र में रहेंगे। जहां पर वो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले कौशिक अपने दूसरे चरण का दौरा छह अप्रैल से शुरू करेंगे। वह उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर जिलों के प्रवास पर रहेंगे। इसके बाद आठ अप्रैल को देहरादून से सल्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां सल्ट उपचुनाव में विभिन्न स्थानों पर चुनावी रैलियों को संबोधित करने के साथ ही कार्यकर्ताओं की चुनावी समीक्षा बैठक भी लेंगे।

 

प्रवास की तैयारी के लिए समन्वयक बनाए..

प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास की तैयारी के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को समन्वयक बनाया गया है। इसमें उत्तरकाशी जिले के लिए प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान व प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल व ऊधमसिंह नगर के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमारी गिरी एवं पूर्व दायित्वधारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट को समन्वयक बनाया गया है। सभी समन्वयकों को प्रदेश अध्यक्ष के प्रवास से पूर्व संबंधित जिले में प्रवास कर जिलाध्यक्षों के साथ समन्वय कर तैयारी बैठक करने के लिए कहा गया है।

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top