उत्तराखंड

बधानी-छेनागाढ़ मोटरमार्ग के लिए सड़क पर उतरे बांगर के लोग..

बधानी-छेनागाढ़ मोटरमार्ग के लिए सड़क पर उतरे बांगर के लोग..

सामाजिक कार्यकर्ता चिरंजीव सेमवाल की भूख हड़ताल चार दिन से जारी..

 

 

रुद्रप्रयाग: बधानी-छेनागढ़ मोटरमार्ग निर्माण और बरसिर-बधानी मोटरमार्ग को हॉट मिक्स करने की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता चिरंजीव सेमवाल पिछले चार दिन से भूख हड़ताल पर डटे हैं। बांगर के इतिहास में पहली बार बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवा अपने बुनियादी सवालों को लेकर सड़कों पर उतर आए।

 

स्थानीय लोगों ने बधानी-छेनागढ़ मोटरमार्ग निर्माण और बरसिर-बधानी मोटरमार्ग को हॉट मिक्स करने की मांग को लेकर बधानी के क्वयांखाल गदेरा पणसिला से मुंयाघर तक 12 किमी पैदल यात्रा निकाली। इस दौरान स्थानीय जनता ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस का घेराव भी किया।

भूख हड़ताल पर बैठे चिरंजीव सेमवाल ने कहा कि जब तक वनभूमि की स्वीकृति नहीं मिल जाती है, वह भूख हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों से सड़क निर्माण को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। अब जनता ने आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना दिया है। चिरंजीव सेमवाल के समर्थन में पिछले तीन दिन से कमल सिंह मेंगवाल भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं मुकंद लाल भारती क्रमिक अनशन पर बैठे हैं।

आंदोलनकारियों ने कहा कि बधानी से छेनागढ़ सड़क को जोड़ने की मांग वर्षों पुरानी है। हर बार मुख्यमंत्री इस सड़क की घोषणा करते हैं। लेकिन आज तक इस पर काम नहीं हुआ। हर बार वन भूमि की आड़ में सड़क निर्माण के कार्य में बाधा डाली जा रही है। पौधारोपण के लिए जमीन भी चिन्हित की गई है। लेकिन इसमें भी खामी निकालकर काम लटकाया जा रहा है।

 

धरना स्थल पर प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल सहित अन्य लोगों ने सरकार व स्थानीय विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विगत 20 सालों से बधाणी छेनागाड़ मोटर मार्ग निर्माण व बरसिर बधाणी मोटर मार्ग को हाट मिक्स से डामरीकरण करने को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है, किंतु अब आर पार की लड़ाई लड़ी जायेगी।

 

 

 

आमरण अनशन स्थल पर आंदोलनकारियों के समर्थन में जनाक्रोश रैली में लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक सरकार, विभाग व शासन प्रशासन ने जनता की दो दशक से चल रही बहुप्रतीक्षित मांग बधाणी छेनागाड मोटर मार्ग निर्माण व बरसिर बधाणी मोटर मार्ग को हाट मिक्स करने की कार्रवाई अमल में नहीं लायी गयी तब तक उनका आंदोलन व भूख हड़ताल जारी रहेगी।

इस मौके पर प्रधान बधानी इंद्र लाल, प्रधान गेन्ठाना सरवीर लाल, क्षेत्र पंचायत मुकेश शाह, धारकुड़ी के प्रसाधन भगवान पंवार, कोट प्रधान संजय सेमवाल, प्रधान सन बीरबल सिंह, प्रधान तल्ली जखवाड़ी दीपा देवी, मल्ली शशि देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुनीता देवी, लिस्वालटा प्रधान नरेंद्र रावत, खलियान प्रधान बिछना देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सावित्री देवी, बांगर विकास समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रौथाण, भगवान वासुदेव समिति के अध्यक्ष मनोज रावत, राम प्रसाद भट्ट, मुंयाघर के प्रधान सुनील लाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महावीर पंवार, सांसद प्रतिनिधि कुलेन्द्र राणा, पूर्व प्रधान मोहन लाल शाह, संपूर्णानंद सेमवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। वहीं कांग्रेस नेता राजीव कंडारी एवं अंकुर रौथाण ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।

उक्रांद ने दिया आंदोलन को समर्थन..

उत्तराखण्ड क्रांति दल ने धरना स्थल पर पहुँचकर आंदोलनकारियों को समर्थन दिया। उक्रांद के युवा नेता मोहित डिमरी ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग पूर्वी और पश्चिमी बांगर को सड़क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। यहां कई मुख्यमंत्री आए और सड़क निर्माण की घोषणा कर चले गए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। थक हारकर स्थानीय लोगों ने आंदोलन का मन बना दिया है।

 

उन्होंने कहा कि उक्रांद लंबे समय से बांगर की सड़क, स्वास्थ्य, संचार सहित अन्य बुनियादी सवालों को लेकर लड़ रहा है। आगे भी उक्रांद यहां के मुद्दों को उठाता रहेगा। इस मौके पर उक्रांद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत चैहान, सूरत झिंक्वान, सरला खंडूरी, ब्लॉक अध्यक्ष कमल रावत, युवा अध्यक्ष आजाद पंवार, प्रवक्ता अरविंद सेमवाल, आईटी प्रकोष्ठ के महामंत्री सुमित कठैत सहित अन्य लोग मौजूद थे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top