Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन को लेकर व्यापारियों ने दिए डीएम को सुझाव..

केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन को लेकर व्यापारियों ने दिए डीएम को सुझाव

केदारनाथ यात्रा पड़ावों व्यापारियों एवं होटल व्यवसायियों के अध्यक्षों व प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने की बैठक

लोनिवि विश्राम गृह गुप्तकाशी में आयोजित बैठक में सभी के सुझाव एवं समस्याओं को सुना..

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा में आने वाले तीर्थ यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित निरंतर प्रयासरत हैं। डीएम यात्रा से संबंधित अधिकारियों के साथ ही लगातार यात्रा से जुड़े लोगों के साथ बैठकें कर रहे हैं और उनकी राय लेकर यात्रा तैयारियों को और अधिक मजबूत बना रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

रविवार को डीएम मयूर दीक्षित ने केदारनाथ के व्यापारियों एवं होटल व्यवसायियों के अध्यक्षों व प्रतिनिधियों के साथ यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में लोनिवि विश्राम गृह गुप्तकाशी में बैठक आयोजित करते हुए सभी के सुझाव एवं समस्याओं को सुना। बैठक में व्यापार संघ एवं होटल व्यवसायियों के अध्यक्षों ने यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपेक्षा की, जिसमें उन्होंने अपेक्षा की कि यात्रा मार्ग से केदारनाथ धाम तक सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त की जांए।

यात्रा मार्ग पर पानी की समस्या एवं उचित पार्किंग व्यवस्था व उचित यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई की व्यवस्था, लो वोल्टेज विद्युत की व्यवस्था को सही किया जाए। विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था, नालियों की निकासी के लिए उचित सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, सोनप्रयाग में व्यापारियों के लिए पार्किंग में निःशुल्क व्यवस्था एवं गौरीकुंड तक व्यापारियों एवं यात्रियों के आने-जाने की उचित व्यवस्था, पुलिस द्वारा उचित व्यवहार किए जाने के लिए उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव दिए। साथ ही केदारनाथ पैदल मार्ग में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, केदारनाथ में खाद्य सामग्री एवं अन्य दुकानों का सामान पहुंचाने के लिए अलग से एक हजार घोड़े-खच्चरों की व्यवस्था तथा केदारनाथ धाम में यात्रियों के जूते-चप्पलों की व्यवस्था के लिए व्यापार मंडल को देने आदि व्यवस्थाओं को करने के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया।

इसके अलावा उन्होंने केदारनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग में स्थानीय लोगों को ही छप्पर-टैंट लगाने की पहली प्राथमिकता दिए जाने की बात कही। इसके साथ ही होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुप्तकाशी में सभी होटलों के रजिस्ट्रेशन को लेकर पर्यटन विभाग तथा फूड लाईसेंस निर्गत कराने के लिए खाद्य विभाग द्वारा कैम्प लगाने का अनुरोध किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी व्यापार मंडल एवं होटल एसोसिएशन एवं प्रतिनिधियों से कहा कि केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुगम यात्रा संचालित करने के लिए सभी का सहयोग नितांत आवश्यक है।

उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि उनके स्तर से जो भी सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए की जा रही हैं, वो सभी व्यवस्थाएं चाक-चैबंद रहें। उन्होंने सभी व्यापारियों से यह भी अपेक्षा की कि सभी होटल व्यवसायी एवं व्यापारी अपनी-अपनी दुकानों एवं होटल, ढाबों, रेस्टोरेंटों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाएं, ताकि किसी भी प्रकार से किसी भी यात्री से किसी व्यक्ति द्वारा ओवर रेटिंग न की जा सके।

उन्होंने यात्रा मार्ग में यात्रा को सुव्यस्थित ढंग से संचालित कराने के लिए साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखने को कहा तथा सभी दुकानों में डस्टबिन रखने को भी कहा गया। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर समय सभी सहयोग के लिए तत्पर है। बैठक में उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, अध्यक्ष व्यापार मंडल केदारनाथ चंडी प्रसाद तिवारी, गौरीकुंड राम गोस्वामी, सोनप्रयाग अंकित गैरोला, सीतापुर अशोक उनियाल, गुप्तकाशी मदन रावत, ऊखीमठ राजीव भट्ट, चोपता भूपेंद्र मैठाणी, अगस्त्यमुनि त्रिभुवन सिंह, रुद्रप्रयाग अंकुर खन्ना, होटल एसोसिएशन से अमित मैंखंडी, प्रमोद नौटियाल, राजेंद्र सिंह नेगी, अंकित राणा सहित अन्य प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top