सुमाड़ी भरदार में भव्य रूप से हुआ चक्रव्यूह का मंचन..
छः दिसम्बर को होगा विधि विधान से पांडव नृत्य का समापन..
खराब मौसम के बावजूद भारी संख्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़..
रुद्रप्रयाग। सुमाड़ी भरदार में घंटाकर्ण देवता पांडव नृत्य कमेटी की ओर से चक्रव्यूह का शानदार मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए दूर दराज से लोग पहुंचे। खराब मौसम के बावजूद भी भारी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से दर्शकों की भीड़ उमड़ी। पांडव नृत्य का छः दिसम्बर को विधि-विधान से समापन किया जायेगा। मंचन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची कांग्रेस प्रदेश महामंत्री लक्ष्मी राणा ने कहा कि पांडव नृत्य में देवताओं के पश्वा अपने अस्त्र-शस्त्रों के साथ पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढोल दमौ की ताल पर नृत्य करते हैं। यह दृश्य भावुक कर देता है।
स्वर्गारोहिणी जाते समय पांडवों ने केदारघाटी के लोगों को अपने अस्त्र-शस्त्र दिये थे, जिसका पालन यहां के लोग आज भी कर रहे हैं। लक्ष्मी राणा ने कहा कि सुमाड़ी भरदार में आयोजित कार्यक्रम में आकर उन्हें ऐसा लगता है कि जैसे वे अपने परिवार के बीच आ गई हैं। चक्रव्यूह के सफल आयोजन पर पांडव नृत्य कमेटी सुमाड़ी के अध्यक्ष योगेश ममगाईं ने सभी दर्शकों, पांडव एवं कौरवों का किरदार निभा रहे सभी पात्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से अपनी परम्पराओं को जीवित रखा जा सकता है। चक्रव्यूह मंचन कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान उमेद रावत ने कार्यक्रम के सफल संचालन पर सभी क्षेत्र वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यों से क्षेत्र में खुशहाली रहती है और आपसी प्रेम भी बढ़ता है।
पांडव नृत्य कमेटी के उपाध्यक्ष रमेश पंवार ने कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्य सभी ग्राम वासियों एवं क्षेत्र वासियों के सहयोग से ही संपंन हो पाते हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रुद्रप्रयाग गीता झिंक्वाण, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष व दर्जाधारी देवेंद्र सिंह झिंकवाण, जिला पंचायत सदस्य ज्येाति देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष तिलवाड़ा संजू जगवाण, गणेशी देवी, महंत माई शंकर गिरी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष पंकज रौतेला, महिला मंगल दल अध्यक्ष रेखा देवी चैहान, सुनील नौटियाल, अक्की पंवार, सुभाष नेगी, कृष्णा, रिंकू, आदि उपस्थित थे।