उत्तराखंड

उक्रांद ने नया बस अड्डा मार्ग पर बनी अवैध दुकानों पर जड़े ताले..

नगर पालिका को नहीं है जानकारी, उक्रांद ने की जांच की मांग..

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड क्रांति दल ने नगर पालिका की भूमि पर नया बस अड्डा पर अवैध तरीके से निर्मित दुकानों पर ताला लगा दिया है। उन्होंने दुकानों के निर्माण में नपा पर भष्ट्राचार का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शनिवार को उक्रांद के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नौटियाल, उपाध्यक्ष मोहित डिमरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नव निर्मित दुकानों के शटर पर ताले जड़ दिए।

उक्रांद नेताओं ने कहा कि नगर पालिका के अधिकारी व पदाधिकारी मामले से बच रहे हैं। पालिका का कहना है कि दुकानों का निर्माण उनकी ओर से नहीं करवाया गया है। ऐसे में किसके द्वारा दुकानों का निर्माण किया गया है, जवाब किसी के पास नहीं है। उक्रांद के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन से मामले की जांच की मांग की।

 

बता दें कि दो दिन पूर्व उक्रांद नेताओं ने जिलाधिकारी को भी पत्र भेजकर नया बस अड्डा मार्ग पर चार दुकानों के निर्माण की जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि नगर पालिका ने अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए ये दुकानें बनाई हैं। पूर्व में भी सूचना के अधिकार में भी नगर पालिका ने सही जानकारी नहीं दी और राज्य सूचना आयोग ने 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया था। तालाबंदी के दौरान अशोक चैधरी, जितार सिंह जगवाण, अदीप नेगी, सूरत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। इधर, नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी सीमा रावत ने बताया कि बोर्ड बैठक में दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन पालिका द्वारा किसी भी प्रकार का कोई निर्माण न तो कराया है और ना इसके लिए धनराशि जारी की गई है। नया बस अड्डा मार्ग पर निर्मित दुकानें किसकी हैं, इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top