उत्तराखंड

आंदोलनकारियों के साथ भाजपा सरकार ने किया छलावा: नेगी

आंदोलनकारियों के साथ भाजपा सरकार ने किया छलावा: नेगी..

राज्य निर्माण आंदोलनकारियों की अनदेखी पड़ेगी सरकार को भारी..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सूरज नेगी ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने शुरू से लेकर आज तक राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को हाशिए पर रखा है। सरकार ने कभी भी राज्य आंदोलनकारियों को दी जाने वाली सुविधाओं को मजबूती से आगे नहीं बढ़ाया, तभी आज भी राज्य आंदोलनकारियों को अपमान का घूंट पीना पड़ रहा है।

जिला मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत आरक्षण का मामला हो या जिन आंदोलनकारियों को कांग्रेस काल में राजकीय सेवाओं में समायोजित किया गया हो और आज न्यायालय द्वारा उनकी सेवा समाप्त करने के लिए गए निर्णय के खिलाफ मजबूती से पैरवी करने का मसला हो या फिर सभी आंदोलनकारियों को समान पेंशन दिए जाने का प्रकरण हो तथा राज्य स्थापना दिवस और अन्य राष्ट्रीय पर्व पर आंदोलनकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का मामला हो।

 

हर समय सरकार ने आंदोलनकारियों की अनदेखी की है। कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद नौकर शाहो और राजनेताओं के दिन जरूर बहुरे हैं, मगर राज्य आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों को हर स्तर पर संघर्ष ही करना पड़ा है। कई आंदोलनकारी आज भी अपने को आंदोलनकारी घोषित करने को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। राजनेताओं द्वारा सत्ता मिलने के बाद आंदोलनकारियों के योगदान को भाषणों में तो खूब बखान किया जाता है, मगर धरातल पर स्थिति यह है कि अफसरशाही के आगे सब बौने बनकर रह जाते हैं। कहा कि भाजपा सरकार द्वारा आंदोलनकारी की टेंशन में सिर्फ आंशिक बढ़ोतरी की गई है, जबकि विधायक और अधिकारियों की सुविधा में प्रदेश का खजाना जमकर लुटाया जा रहा है।

 

भ्रष्टाचार की गंगा उत्तराखंड में लगातार बह रही है। शराब, भू और खनन माफिया सरकार और अधिकारियों को चारों तरफ से घेरे हुए हैं। राज्य में बेरोजगारी से युवा त्राहिमाम कर रहे हैं। नेगी ने कहा कि सात दिसंबर को राज्य सरकार द्वारा गैरसैण में शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड के वरिष्ठ आंदोलनकारी व चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में गैरसैंण में एक दिवसीय धरना देकर आंदोलनकारियों की मांगों पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने सभी आंदोलनकारी मंचो से भी अपील की है की भाजपा सरकार का यह आखिरी सत्र के दौरान सभी आंदोलनकारी एकजुटता के साथ राज्य के मसलों व राज्य निर्माण आंदोलनकारियों की अनदेखी के खिलाफ गैरसैण से संघर्ष का बिगुल फंूकने के लिए एकजुटता के साथ तैयार रहें।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top