Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

गौरीकुंड में घोड़े-खच्चरों के लिए तैयार किया जा रहा शेड..

गौरीकुंड में घोड़े-खच्चरों के लिए तैयार किया जा रहा शेड..

यात्रा मार्ग पर पशुओं को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा..

चिकित्सकों और कार्मिकों के रहने के लिए गौरीकुंड एवं सोनप्रयाग में भूमि की जा रही चिन्हित..

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग में संचालित हो रहे घोड़े-खच्चरों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और डाॅक्टरों एवं कार्मिकों को उचित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराये जाने को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही डीएम ने यात्रा मार्ग के गौरीकुंड में घोड़े-खच्चरों के लिए तैयार किये जा रहे शेड की जानकारी भी ली।

डीएम ने कहा कि केदारनाथ यात्रा में घोड़े-खच्चरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इनके लिए रहने और खाने व पीने की उचित व्यवस्था की जानी जरूरी है। अगर इनके लिए रहने व खाने की उचित व्यवस्था नहीं होगी तो वे रास्ते में थक-हारकर दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि इनकी सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाए। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए पर्याप्त गरम पानी उपलब्ध कराया जाए तथा उनके रहने के लिए जल्द से जल्द शेड तैयार किया जाय।

 

उन्होंने गौरीकुंड घोड़ा पड़ाव में घोड़े-खच्चरों के लिए तैयार किए जा रहे शेड को यथाशीघ्र पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल संस्थान से कहा कि उनके स्तर से यात्रा मार्ग में घोड़े-खच्चरों के लिए पानी पीने के लिए जो भी चरियां बनाई जाने के साथ गरम पानी के लिए गीजर व शेड तैयार किए जाने हैं, उसका स्टीमेट जल्द उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने डीडीएमए से कहा कि गौरीकुंड से गौरी गांव तक बनाए जाने वाली पैदल सड़क मार्ग का भी स्टीमेट तैयार कर जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को यात्रा मार्ग में तैनात किए गए डाॅक्टरों तथा कार्मिकों के लिए आवास एवं चिकित्सालय बनाए जाने के लिए गौरीकुंड एवं सोनप्रयाग में भूमि चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। बैठक में उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ आशीष रावत, भू वैज्ञानिक अधिकारी डाॅ दीपक हटवाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान संजय सिंह, विद्युत मनोज कुमार, परियोजना अधिकारी उरेड़ा राहुल पंत, सुलभ इंटरनेशनल इंचार्ज धनंजय पाठक, जी मैक्स प्रोजेक्ट मैनेजर खुशहाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top