उत्तराखंड

विकासनगर सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत, दो लोगों की हालत नाजुक..

विकासनगर सड़क हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत, दो लोगों की हालत नाजुक…

9 सीटर वाहन में सवार थे 15 लोग, खाई में गिरते ही बोलेरो के उड़े परखच्चे..

 

 

 

उत्तराखंड: देहरादून में विकासनगर के बायला-पिंगुवा मोटर मार्ग पर चकराता तहसील अंतर्गत राजस्व क्षेत्र बायला के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें से 11 एक ही गांव बायला के रहने वाले थे। मृतकों में आठ पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। जबकि दो गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

बताया जा रहा है कि नौ सीटर वाहन में 15 लोग सवार थे। खाई में गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसा रविवार सुबह करीब 8:10 बजे बायला गांव से करीब 100 मीटर आगे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही चकराता थाना पुलिस, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों और घायलों को खाई से बाहर निकाला जा सका। दोनों गंभीर घायल सीएचसी चकराता में भर्ती हैं। बोलेरो बायला गांव से विकासनगर आ रही थी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

 

 

आरटीओ प्रवर्तन के निर्देश पर तीन टीमों ने 21 से लेकर 23 अक्तूबर तक क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान 130 वाहनों का चालान भी किया गया। इसमें 48 यात्री वाहन शामिल थे। 10 ऐसे वाहनों का चालान किया गया जिसमें यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर बिठाया गया था। अभियान के बाद ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग फिर से चालू हो गई। नतीजतन रविवार को दुखद हादसा हो गया।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता क्षेत्र के अंतर्गत बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुए वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उपचार के लिए एवं मृतकों के परिवारजनों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जायेगी।

 

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर एवं जिलाधिकारी देहरादून घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं..मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को सख्त निर्देश दिये हैं कि वाहनों में ओवर लोडिंग न हो, यदि इस तरह की कोई बात आती है, तो संबधित पर कड़ी कारवाई की जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दुबारा न हो , इसके लिए उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की है ओवर लोडिंग न करें। हम सभी को स्वयं जागरूक होकर इस तरह की घटनाओं से बचना है।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top