Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

दूरस्थ क्षेत्रों की 18 पोलिंग पार्टियां गंतव्य के लिए रवाना..

दूरस्थ क्षेत्रों की 18 पोलिंग पार्टियां गंतव्य के लिए रवाना..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। जनपद की दोनों विधान सभाओं की दूरस्थ क्षेत्रों की 18 पोलिंग पार्टियों को बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा परिसर अगस्त्यमुनि से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नामित सामान्य प्रेक्षक डाॅ जे बालाजी, जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी मनुज गोयल एवं पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल की मौजूदगी में उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

अगस्त्यमुनि क्रीड़ा परिसर से विधानसभा केदारनाथ की दूरस्थ क्षेत्रों की 11 पोलिंग पार्टियों, जिसमें मतदेय स्थल त्रिजुगीनारायण, तोषी, चिलौण्ड, गौंडार, जग्गी बगवान, बेडुला, कुणजेठ, ब्यूंखी, गणेशनगर, पिल्लू एवं गुगली तथा विधान सभा रुद्रप्रयाग की सात पोलिंग पार्टियों को जिसमें मतदेय स्थल स्यूर, स्यूर चमाचैरी, घंघासू (बक्सीर), बक्सीर, उच्छोल, डांगी (खोड बांगर) व भुनालगांव बूथों की पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीन उपलब्ध कराए जाने के लिए सामान्य प्रेक्षक की निगरानी में प्रातः सात बजे स्ट्रंग रूम खोला गया तथा ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच निकाली गई।

 

निर्वाचन सामग्री वितरण किए जाने के लिए रिटर्निंग आफिसर केदारनाथ एवं रिटर्निंग आफिसर रुद्रप्रयाग की ओर से पृथक-पृथक काउंटर बनाए गए, जिसमें रवाना की गई पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री, ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें उपलब्ध कराई गई। पोलिंग पार्टियों को सुरक्षा बलों के साथ उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

 

पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पूर्व जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनुज गोयल ने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया व वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त विधान सभा सामान्य निर्वाचन के लिए पूरे मनोयोग से कार्य करें।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी गोयल ने पोलिंग दलों के बीच पहुंचकर उनकी हौसला अफजाई की व अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करने को कहा। जिलाधिकारी ने पुलिस बलों को भी शांति एवं सुरक्षा के लिए समर्थन भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया पर भी आपसी संवाद बनाए रखने के लिए मतदान कार्मिकों को जरूरी निर्देश दिए।

 

पोलिंग पार्टियों की रवानगी के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, रिटर्निंग अधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, केदारनाथ जितेंद्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पुलिस उपाधीक्षक हर्षवर्धनी सुमन, प्रबोध कुमार घिल्डियाल, कपिल पाण्डे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top