Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

आप की सरकार बनते ही देवस्थानम बोर्ड होगा भंग:कोठियाल..

बेहतर जनसुविधाओं के साथ भू-कानून आज की जरूरत..

दिल्ली के मॉडल के हिसाब से करेंगे देवभूमि उत्तराखण्ड का विकास..

आने वाले दिनों में जनता के बीच में करेंगे संवाद..

रुद्रप्रयाग:  आप के वरिष्ठ नेता कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने कहा कि सरकार ने देवस्थानम् बोर्ड का गठन कर तीर्थ पुराहितों के हक को छीनने का प्रयास किया है, जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। केदारनाथ में वर्षो से तीर्थ यात्रियों की सेवा में जुटे तीर्थ पुरोहितों के हक-हकूकों को छीनकर सरकार उन्हें बेदखल करना चाहती है। यह सरासर तीर्थ पुरोहितों का अपमान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क के साथ जल, जंगल, जमीन ये सभी चीजें जनता की जरूरते हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए उत्तराखण्ड में आप की सरकार आनी जरूरी है। इसके साथ ही उत्तराखंड के लोगों के लिए मुफ्त बिजली सहित मजबूत भू-कानून पहली प्राथमिकता है।

अगस्त्यमुनि में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में आप के वरिष्ठ नेता कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने कहा कि चारधाम में देवस्थानम बोर्ड का कोई औचित्य नहीं है। श्रद्धालु और तीर्थपुरोहित के बीच का अपनत्व आज का नहीं, बल्कि सदियों के कठिन परिश्रम से बना है। भाजपा सरकार ने बिना सोचे-समझे और तीर्थ पुरोहितों की राय के बगैर ही देवस्थानम बोर्ड को गठित किया, जिसमें चारधाम के तीर्थपुरोहित व हक-हकूकधारियों के हितों का कोई उल्लेख नहीं है। इस बोर्ड से तीर्थ पुरोहितों का कोई भला नहीं होने वाला है, बल्कि उनके हकों को छीनने का प्रयास सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि देवस्थानम् बोर्ड को भंग किया जाना जरूरी है। अगर इस सरकार में बोर्ड भंग नहीं होता है तो आगामी विधानसभा चुनाव में आप की सरकार आने पर बोर्ड को भंग किया जायेगा। आप पार्टी के नेता कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड का अपना भू-कानून होना चाहिए। जिन हालातों में आज प्रदेश संचालित हो रहा है, उसमें इस कानून की बहुत जरूरत है। कहा कि आप उत्तराखंड में बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सडक, संचार और शिक्षा का मॉडल लेकर जनता के बीच में संवाद करेगी। इसके साथ ही जल, जंगल व जमीन के मुद्दों पर जनता के बीच जायेगी।

 

नई दिल्ली की तर्ज पर देवभूमि में चिकित्सा व्यवस्थाओं को बेहतर करने के साथ ही प्राथमिक स्तर से शिक्षा की बेहतरी के लिए कार्य किया जायेगा। युवा संवाद कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और बदहाल जनसुविधाओं के बारे में सवाल पूछे, जिस पर कर्नल (सेवानिवृत्त) कोठियाल ने कहा कि यहां के स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से जनसुविधाओं का संचालन कर जिम्मेदारी सौंपकर बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं के रोजगार के प्रति जागरूक होकर कार्य करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि आप ने तीन सौ यूनिट फ्री बिजली की बात कही है, जो उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक का अपना हक है। क्योंकि यहां निर्मित जल विद्युत परियोजनाओं से पैदा हो रही बिजली से बड़ी-बड़ी कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं। जबकि कंपनियों की ओर से बिजली बेचने से जो पैसा मिल रहा है, उसका भी एक हिस्सा यहां के विकास में खर्च होना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रकाश पंवार, जिपं पंचायत उपाध्यक्ष एवं आप के वरिष्ठ नेता सुमंत तिवारी, विजय चमोला, पुरूषोत्तम चंद्रवाल, केपी ढौंडियाल, प्यार सिंह नेगी सहित सैकड़ों युवा मौजूद थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top