Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

दूरस्थ क्षेत्रों के हिमाच्छादित बूथों में मतदान कराना होगी चुनौती: आयुक्त गढ़वाल..

अधिकारी दायित्वों का निर्वहन बड़ी कुशलता के साथ करें..

निर्वाचन कार्यो में तैनात अधिकारियों की ली बैठक..

कोविड गाइडलाइन के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। विधानसभा चुनाव को लेकर की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार ने जिला कार्यालय सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल एवं निर्वाचन कार्यों में तैनात किए गए नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर जायजा लिया। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र केएस नगन्याल भी मौजूद रहे।

 

विधानसभा चुनाव को कुशलता के साथ संपंन कराए जाने के लिए आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार ने सभी अधिकारियों से कहा कि जो दायित्व एवं जिम्मेदारी निर्वाचन कार्य संपादित करने के लिए जिस अधिकारी को दी गई है, वह अपने दायित्वों का निर्वहन बड़ी कुशलता के साथ करना सुनिश्चित करें तथा उन्होंने कहा कि विधान सभा निर्वाचन को संपादित करने में दो जटिल समस्याएं हैं। जिसमें एक उत्तराखंड की भौगोलिक विषम परिस्थितयां हैं,

 

जिसमें मौसम खराब होने की स्थिति में दूरस्थ क्षेत्रों के हिमाच्छादित बूथों में मतदान कराना चुनौती होगी। जिसके लिए सभी को पूर्ण तैयारी के साथ अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करते हुए मतदान प्रक्रिया को संपादित कराना है तथा दूसरी चुनौती कोरोना की है, जिसके लिए यह आवश्यक है कि कोविड गाइडलाइन के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

 

उन्होंने कहा कि जनपद के सभी पोलिंग बूथों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों, जिसमें सभी बूथों में बिजली, पानी, शौचालय की व्यवस्था एवं बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोलिंग बूथों पर रैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने यह भी कहा कि जो दूरस्थ क्षेत्र के पैदल बूथ हैं, उनमें सभी पैदल रास्तों को दुरस्त करने के निर्देश दिए। ताकि पोलिंग पार्टियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की कोई समस्या न आने पाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि ग्राम स्तर पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को संपादित कराने में उनका पूर्ण सहयोग लिया जाए।

 

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन किया जाए तथा गठित निगरानी टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखते हुए अवैध शराब, पैंसों एवं किसी प्रकार के गिफ्ट पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए जिसके लिए उन्होंने पुलिस, आबकारी एवं राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर निरंतर चैकिंग अभियान कराने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कोविड गाइडलाइन का विशेष ध्यान रखते हुए पोलिंग बूथों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके लिए उन्होंने सभी पोलिंग बूथों पर बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पोलिंग बूथ पर प्रवेश एवं निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने पोलिंग पार्टियों को रवानगी से पूर्व सभी सामग्री का मिलान कर उपलब्ध कराई जाएं तथा पोलिंग पार्टियों की सामग्री की प्राप्ति के लिए भी उचित व्यवस्था की जाए तथा इसमें लगाए जाने वाले कार्मिकों को उचित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए।

 

उन्होंने पोलिंग पार्टियों के लिए किए गए वाहनों की व्यवस्थाओं एवं पयाप्त ईंधन के संबंध में भी जानकारी ली गई। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि ईवीएम मशीनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पोलिंग पार्टियों द्वारा किसी भी व्यक्ति एवं प्रत्याशी का आतिथ्य-सत्कार स्वीकार न किया जाए।

इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र केएस नगन्याल ने कहा कि जनपद के क्रिटिकल एवं वनरेबल पोलिंग बूथों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में गुंडा एक्ट के तहत जो भी कार्यवाही की जानी है। वह निष्पक्षता के साथ त्वरित गति से करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार से कोई पक्षपात न किया जाए।

 

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनुज गोयल ने विधान सभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आयुक्त को अवगत कराया कि केदारनाथ विधानसभा में 173 मतदेय स्थल हैं तथा रुद्रप्रयाग में 188 मतदेय स्थल हैं। जिसमें दोनों विधानसभा में कुल 361 मतदेय स्थल हैं।

 

उन्होंने अवगत कराया कि मतदान के दो दिन पूर्व रवाना होने वाली पार्टियों की संख्या 18 है, जिसमें 11 केदारनाथ तथा सात रुद्रप्रयाग विधान सभा की पोलिंग पार्टियां हैं तथा मतदान के एक दिन पूर्व 343 पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी, जिसमें केदारनाथ की 162 तथा रुद्रप्रयाग की 181 पोलिंग पार्टियां शामिल हैं तथा मतदान की अगली तिथि को 22 पोलिंग पार्टियां वापस पहुंचेंगी।

 

जिसमें 15 केदारनाथ विधान सभा की तथा सात रुद्रप्रयाग विधान सभा की हैं। उन्होंने कहा कि दोनों विधान सभाओं में 1,88,084 मतदाता हैं, जिसमें पुरुष मतदाता 92,934 तथा 95,150 महिला मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि दोनों विधान सभाओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने आयुक्त महोदय को आश्वस्त किया कि बैठक में महोदय द्वारा जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका सभी अधिकारियों से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, रिर्टनिंग आफिसर रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, केदारनाथ जितेंद्र वर्मा, उप जिलाधिकारी जखोली परमानंद राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ बीके शुक्ला, मुख्य शिक्षा अधिकारी यशवंत सिंह चौधरी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आशीष रावत, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रवीन बडोनी सहित संबंधित नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top