Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

केदारनाथ पैदल मार्ग पर बच्चे की मौत को माँ ने बताया हत्या..

केदारनाथ पैदल मार्ग पर बच्चे की मौत को माँ ने बताया हत्या..

पैसों के लालच में मासूम की हत्या का आरोप..

कंडी संचालन पर रोक और आरोपी को सबक सिखाने की मांग..

 

 

 

 

 

 

 

 

केदारनाथ यात्रा में आए आगरा के तीर्थयात्रियों के साथ घटित घटना ने पूरी केदारघाटी को सन्न करके रख दिया हैं। केदार यात्रा में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी बच्चे की रहस्मयी तरीके से मौत हुई है

उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा में आए आगरा के तीर्थयात्रियों के साथ घटित घटना ने पूरी केदारघाटी को सन्न करके रख दिया हैं। केदार यात्रा में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी बच्चे की रहस्मयी तरीके से मौत हुई है और पुलिस की गिरफ्त से आरोपी फरार चल रहा है। इस घटना ने जहां सबको झकझोर कर रख दिया है तो वहीं परिजनों की ओर से अब उत्तराखंड सरकार से न्याय मांगा जा रहा है।

आपको बता दें कि बीते एक जुलाई को केदारनाथ पैदल मार्ग पर आगरा उत्तर प्रदेश के पांच वर्षीय शिवाय की रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई थी। लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस अभी तक इस गुत्थी को नहीं सुलझा पाई है कि ये हत्या है या फिर हादसा? सोशल मीडिया पर मासूम की मां इंदु गुप्ता ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें वे उत्तराखंड सरकार से हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाई है।

इंदु गुप्ता का आरोप है कि कंडी संचालक ने पैसों के लालच में उनके बच्चे की हत्या की है। कंडी में उनके बेटे शिवाय के साथ एक बैग भी रखा हुआ था, जिसमें पैसे भी रखे थे। पैसों के चक्कर में कंडी संचालक ने उनके बेटे की हत्या की और फरार हो गया। उनका कहना हैं कि वे गौरीकुंड से घोड़े-खच्चर से केदारनाथ जा रहे थे। एक घोड़े में शिवाय और वो साथ थे, जबकि दूसरे घोड़े में उनके पति आ रहे थे। भीमबली में घोड़ा-खच्चर संचालक ने उन्हें उतार दिया।

इंदु का कहना हैं कि वे शिवाय के पापा का इंतजार कर रहे थे। काफी देर इंतजार के बाद वे पैदल चलने लगे। इसी दौरान एक कंडी संचालक बार-बार उनके पीछे आ रहा था और बच्चे को ले जाने की जिद कर रहा था। तभी केदारनाथ से लौट रहा एक कंडी संचालक उनके पास आया और उसने कंडी का रेट कम बताया। जिसके बाद उन्होंने शिवाय को कंडी में बैठा दिया और साथ ही एक बैग भी रखा, जिसमें रुपए भी थे।

उनका कहना हैं कि उन्होंने कंडी संचालक को धीरे-धीरे चलने को कहा था, लेकिन वो तेजी से चलने लगा और कुछ देर बाद काफी दूर निकल गया। वो पीछे-पीछे जाकर लोगों से पूछने लगी कि किसी ने कंडी संचालक के साथ एक बच्चे को देखा है। जब कंडी संचालक कहीं नहीं मिला तो लिनचौली स्थित स्थायी पुलिस चौकी में शिकायत की।

जहां पुलिस कर्मियों ने कहा कि उनके पास लाउडस्पीकर नहीं है और उन्हें ऊपर जाने को कहा गया। केदारनाथ से दो किमी पीछे पहुंचने पर उन्हें काॅल आई कि उनका बैग और बच्चा मिल गया है। वे जल्दी नीचे आ जाएं। नीचे आने पर जब बच्चे को देखा तो वो मृत अवस्था में था और उन्हें बताया कि उनके बच्चे के शव को लिनचौली में दो सौ मीटर नीचे गहरी खाई से निकाला गया है।

शिवाय की मां इन्दु गुप्ता ने उत्तराखंड सरकार से न्याय की अपील की है। जो उनके साथ हुआ है, वो किसी दूसरे के साथ नहीं होना चाहिए। उनका कहना हैं कि या तो सरकार कंडी संचालन पर रोक लगाएं या फिर आरोपी को ऐसा सबक सिखाए की कोई ऐसा कृत्य दोबारा ना करें। वहीं, घटना के बाद से पुलिस भी कंडी संचालक की खोजबीन में जुटी हुई है।

 

केदारनाथ यात्रा मार्ग के अलावा अन्य जगहों पर भी आरोपी को खोजा जा रहा है। मामले में पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी कंडी संचालक के खिलाफ सोनप्रयाग कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है और जल्द कंडी संचालक को खोजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top