उत्तराखंड

पौंठी में स्थापित किया जाय उप स्वास्थ्य केंद्र: मोहित डिमरी..

लंबे समय से स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं ग्रामीण..

स्वास्थ्य महकमा नहीं दे रहा ध्यान, लोगों को हो रही है परेशानी..

 

 

रुद्रप्रयाग: विकासखंड जखोली का पौंठी गांव स्वास्थ्य सेवाओं से महरूम है। लंबे समय से स्थानीय लोग स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं। लेकिन स्वास्थ्य महकमा इस पर किसी तरह की कार्रवाई करता नहीं दिखाई दे रहा है। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने पौंठी गांव का भ्रमण करते हुए स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि पौंठी गांव में सबसे बड़ी समस्या स्वास्थ्य सेवाओं की है। यहां की आबादी करीब पांच हजार होने के बावजूद आज तक यहां पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित नहीं हो पाया है।

 

जबकि उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए तीन हजार की आबादी का मानक है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दस किमी दूर जखोली या फिर 35 किमी दूर रुद्रप्रयाग जाना पड़ता है। ऐसे में मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हल्का सा बुखार होने पर मरीजों को जखोली या रुद्रप्रयाग भागना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो या फिर भाजपा की, लेकिन पहाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। इस बार जनता इनसे एक-एक सवाल का जवाब मांगेगी।

 

उक्रांद के युवा नेता मोहित डिमरी ने पौंठी में उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से वार्ता की। उन्होंने सीएमओ से कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए पौंठी में तीन नाली जमीन चिन्हित की गई है। उप स्वास्थ्य केंद्र का प्रस्ताव स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेजा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द यहां उप स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति नहीं मिली तो स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता विजय राणा ने बताया कि पौंठी में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग से लगातार पत्राचार चल रहा है।

 

जमीन चिन्हित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन आबादी कम होने के कारण इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया गया। हमारी मांग है कि यहां उप स्वास्थ्य केंद्र खोला जाय। इसके लिए पहाड़ी क्षेत्रों में तीन हजार की आबादी का मानक है। पौंठी यह सब मानक पूरे करता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में लोग परेशान हैं। लेकिन सरकार इस पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top