Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका: नेगी..

स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका: नेगी..

विधानसभा चुनाव में मीडिया की भूमिका को लेकर आयोजित कार्यशाला..

कार्यशाला में पत्रकारों ने रखे सुझाव, वास्तविक मीडिया कर्मियों की हो पहचान..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। विधानसभा चुनाव में मीडिया की भूमिका को लेकर आयोजित कार्यशाला में पेड न्यूज एवं मीडिया संबंधित विभिन्न प्राविधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने अनुभवों को भी साझा किया। जिला कार्यालय में विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी ने निर्वाचन में मीडिया से संबंधित विभिन्न प्राविधानों की जानकारी देते हुए कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।

 

उन्होंने जनपद स्तरीय मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति एवं उसके कार्यों की जानकारी उपस्थित प्रतिभागियों को दी। नोडल अधिकारी मीडिया योगेश्वर जोशी ने विज्ञापनों के प्रमाणीकरण, इलेक्ट्रोनिक्स मीडिया से संबंधित विज्ञापनों, अपीलीय व्यवस्था आदि पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने प्रमाणीकरण के मुख्य विंदुओं की ओर फोकस करते हुए पेड न्यूज एवं मीडिया मॉनीटरिंग पर भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां कार्यशाला में रखी। कार्यशाला में निर्वाचन में मीडिया के प्राविधानों, मीडिया कवरेज आदि विंदुओं पर भी जानकारियां दी।

 

कार्यशाला में मीडिया के प्रतिनिधियों ने मीडिया सेंटर स्थापित कर निर्वाचन संबंधी जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही पोलिंग बूथों में आवश्यक सुविधाओं, सूचना विभाग में पंजीकृत मीडिया प्रतिनिधियों को प्रमाणन के आधार पर पहचान-पत्र जारी करने व सोशल मीडिया में भ्रामक खबरों पर नियंत्रण आदि को लेकर अनुभव व सुझाव दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नेगी ने कहा कि आयोग से मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने सुझाव देते हुए बताया कि चुनाव के दौरान मतदेय स्थलों में जाने में काफी दिक्कतें होती हैं, जिससे जानकारी नहीं मिल पाती है।

 

मतदेय स्थलों पर तैनात कर्मचारी मीडिया के साथ सही तरीके का व्यहार नहीं अपनाते हैं। इसके लिए पीठासीन अधिकारी एवं पुलिस के साथ बैठक कर मसले का समाधान किया जाय। व्यवहारिक दिक्कतों को समय से दूर किया जाय। इसके साथ ही मीडिया कर्मियों को संसाधन उपलब्ध कराये जांए। बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए सैकड़ों लोग आज फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल के साथ ही अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से मीडिया में घुसते जा रहे हैं। इनका मकसद सिर्फ चुनाव में लोगों को भ्रमित करना है। ऐसा होने से वास्तविक मीडिया कर्मियों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचेगी। इसके लिए शासन स्तर पर कार्यवाही की जानी चाहिए।

 

सोशल मीडिया के माध्यम से प्रत्याशियों के समर्थक दुष्प्रचार करने में लगे हैं और विज्ञापनों को भी निकाल रहे हैं। इसके लिए अभी से शासन और प्रशासन को कार्य करने की जरूरत है। इस मौके पर मीडिया कर्मी बद्री नौटियाल, विनय बहुगुणा, सुनीत चौधरी, रोहित डिमरी, शैलेंद्र रावत, भूपेंद्र भंडारी, कुलदीप राणा, अंकित भट्ट, सहायक नोडल अधिकारी आकाश बडोनी मौजूद रहे।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top