आर्टिकल

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस पर बोला हमला..

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस पर बोला हमला..

उत्तराखंड: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर 20 सालों से उत्तराखंड को लूटने का आरोप लगाया हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पार्टियों की जुगलबंदी है। कभी एक दूसरे के घोटालों की जांच नहीं कराते। भ्रष्टाचार को लेकर दोनों दलों में जमकर मुकाबला हो रहा है। इस भ्रष्टाचार को कर्नल अजय कोठियाल के नेतृत्व में आप उत्तराखंड में समाप्त करेगी। साथ ही उत्तराखंड को देश की आध्यात्मिक राजधानी भी बनाया जाएगा। केदारनाथ पुनर्निर्माण से जुड़े कर्नल अजय कोठियाल को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आप की सदस्यता दिलाने के मौके पर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली से विडियो कांफ्रेंस के जरिए संबोधित किया।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता को 20 सालों में पलायन, बदहाल स्कूल, बेरोजगारी, दम तोड़ चुका स्वास्थ्य सिस्टम मिला। आज भी गर्भवती महिलाएं सड़कों, वाहनों में प्रसव को मजबूर हैं। जो सपना राज्य के लोगों ने देखा था, उसे दोनों दलों ने बार बार तोड़ा है। दोनों दलों का 20 साल का लूट का इतिहास रहा है। कहा कि उत्तराखंड के हर घर का एक सदस्य दिल्ली रहता है। उनसे पूछिए कि दिल्ली विकास का मॉडल क्या है। स्कूल, अस्पताल कैसे हैं। आज पूरा देश दिल्ली मॉडल की बात करता है।

 

पर्वत पुत्र कर्नल अजय कोठियाल के आप में आने से मिशन उत्तराखंड नवर्निर्माण शुरू हो गया है। अब यहां के गांव नहीं उजड़ेंगे। उत्तराखंड में पर्यटन, तीर्थाटन, जल संपदा, वन संपदा सब कुछ है। आप इसे देश की आध्यात्मिक राजधानी बनाएगी। इस अवसर पर कर्नल अजय कोठियाल, प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर, रविंद्र जुगरान, रजिया बेग, कैलाश बिष्ट, रविंद्र पडियार आदि मौजूद रहे।

 

आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कर्नल अजय कोठियाल का कहना हैं कि युवाओं और महिलाओं के दम पर वे उत्तराखंड को संवारेंगे। उत्तराखंड के लिए हमेशा से दिल्ली सबसे बड़ा शहर रहा है। स्वास्थ्य सुविधा के लिए भी हर एक व्यक्ति दिल्ली पर निर्भर रहता हैं। आज जब दिल्ली खुद उत्तराखंड चल कर आने को तैयार है, तो हम क्यों इसके लिए तैयार नहीं हो सकते। क्यों यहां फ्री बिजली, पानी का मॉडल सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि दिल्ली एक केंद्र शासित प्रदेश हैं। वहां के सीएम के सामने तमाम पाबंदियां हैं। इसके बाद भी वो उन्होंने नतीजे दिए। वो काम उत्तराखंड में क्यों नहीं हो सकते।

 

आज से 20 साल पहले देहरादून, मसूरी, नैनीताल शिक्षा के लिए जाने जाते थे। आज शिक्षा के लिए हमारे ही बच्चे बाहर जा रहे हैं। इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है। वे इस राज्य को आगे बढ़ाने को लेकर हर संभव प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा हमेशा से ही उनकी हिम्मत रहे हैं। सेना से लेकर केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में युवाओं ने ही उनकी हिम्मत बढ़ाई है। इस राज्य को आगे भी वो इन्हीं के जरिए बढ़ाएंगे।

कोठियाल के लिए खास है 19 अप्रैल..

कर्नल कोठियाल ने आगे कहा कि 19 अप्रैल का दिन उनके लिए खास है। इसी दिन वो इंडियन मिलिट्री एकेडमी में कैडेड बने थे। कैडेट बनने का हौंसला और जज्बा उनके भीतर परमवीर चक्र सीरियल देखकर आया। वे डीएवी में कालेज के दिनों में फेल भी हुए, लेकिन इसी जज्बे ने उन्हें कैडेट बनाया। सेना में उनका पहला ऑपरेशन फेल हुआ, लेकिन युवाओं के दम पर वे वहां भी सफल हुए। 2013 में एनआईएम में आए। यहां भी युवाओं के दम पर आगे बढ़े। केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों का पूरा श्रेय भी युवाओं को है।

 

चार साल में सीएम बदला, नया सीएम पुराने के फैसले बदल रहा
अरविंद केजरीवाल ने सीएम बदलने को लेकर भी भाजपा पर तंज कसा। कहा कि भाजपा ने चार साल बाद अपना सीएम बदला लिया। तर्क दिया कि हमारा सीएम काम नहीं कर रहा है। अब जो नये सीएम बनाए हैं, वो बैठ कर एक सिरे से सिर्फ पुराने सीएम के फैसले ही बदलने में लगे हुए हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top