उत्तराखंड

कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं को राहत, 5 स्पेशल ट्रेनों का संचालन..

कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं को राहत, 5 स्पेशल ट्रेनों का संचालन..

2 नियमित ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार..

 

 

 

उत्तराखंड: कांवड़ मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से पांच विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनमें तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जबकि दिल्ली-शामली डीएमयू और दिल्ली-सहारनपुर मेमू ट्रेन को हरिद्वार तक विस्तारित किया गया है। रेलवे की यह विशेष व्यवस्था 30 जुलाई से लागू होगी, जो कांवड़ मेला अवधि के दौरान जारी रहेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हर साल बड़ी संख्या में शिवभक्त ट्रेन के माध्यम से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचते हैं, जिससे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान था। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने पहले से ही यात्री सुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।

दिल्ली-शामली और दिल्ली-सहारनपुर ट्रेनें पहुंचेंगी हरिद्वार

रेलवे ने दिल्ली-शामली के बीच संचालित होने वाली 74022/74023 डीएमयू को 30 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार तक विस्तार दिया है। यह ट्रेन हरिद्वार से सुबह 3:05 बजे रवाना होकर शामली पहुंचेगी, जबकि वापसी में शामली से रात 10:50 बजे चलकर रात 1:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इसके अलावा 64557/64558 दिल्ली-सहारनपुर मेमू का भी हरिद्वार तक विस्तार किया गया है। यह ट्रेन सहारनपुर से रात 8:50 बजे चलकर रात 10:50 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों में सामान्य किराया व्यवस्था रहेगी और इनमें आरक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

तीन कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन

श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

पहली ट्रेन
04314 हरिद्वार-दिल्ली शाहदरा कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रतिदिन संचालित होगी। यह ट्रेन हरिद्वार से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर शाम 7:50 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। रास्ते में ज्वालापुर, रुड़की, टपरी, मुजफ्फरनगर और मेरठ में इसका ठहराव रहेगा।

दूसरी ट्रेन
योगनगरी ऋषिकेश-दिल्ली शाहदरा कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन 30 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगी। यह ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी।

तीसरी ट्रेन
योगनगरी ऋषिकेश-आलमनगर कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन भी मेला अवधि में संचालित की जाएगी। यह ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से प्रतिदिन सुबह 7 बजे रवाना होगी।

16 ट्रेनों के स्टॉपेज में भी बदलाव

कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। हरिद्वार, देहरादून और योगनगरी ऋषिकेश आने वाली करीब 16 ट्रेनों के ठहराव मेंपरिवर्तन किया गया है। इनमें से कई ट्रेनें अब हरिद्वार के नजदीकी रेलवे स्टेशन ज्वालापुर और मोतीचूर पर भी रुकेंगी। यह बदलाव 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। इसके बाद सभी ट्रेनें अपने पुराने समय और निर्धारित स्टॉपेज के अनुसार संचालित होंगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जा सकते हैं। रेलवे का उद्देश्य है कि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top