Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र तय, उत्तरकाशी-टिहरी समेत चार जिलों को मिली राहत..

बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र तय, उत्तरकाशी-टिहरी समेत चार जिलों को मिली राहत..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की आगामी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में इस बार चार जिलों की स्थिति राहत देने वाली है। उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और चमोली में कुल 435 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। खास बात यह है कि इनमें से किसी भी केंद्र को संवेदनशील या अतिसंवेदनशील की श्रेणी में शामिल नहीं किया गया है। सभी केंद्र सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र तय करते समय शिक्षा विभाग की ओर से कई पहलुओं का परीक्षण किया जाता है। इसमें परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, व्यवस्थाएं, पूर्व में सामने आई अनियमितताएं और परीक्षा संचालन से जुड़े रिकॉर्ड को आधार बनाया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत चारों जिलों के सभी केंद्रों को सामान्य घोषित किया गया है।

टिहरी में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तरकाशी में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चार एकल और 60 मिश्रित केंद्र शामिल हैं। वहीं टिहरी जिले में 136 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें एक एकल और 135 मिश्रित केंद्र हैं। पौड़ी में कुल 127 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक एकल और 126 मिश्रित केंद्र शामिल हैं। चमोली जिले में 108 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें छह एकल और 102 मिश्रित केंद्र रखे गए हैं।

सभी केंद्र सामान्य श्रेणी में शामिल

शिक्षा विभाग के लिए परीक्षा केंद्रों का संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में वर्गीकरण महत्वपूर्ण होता है। ऐसे केंद्रों पर परीक्षा के दौरान विशेष निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, इस बार उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और चमोली के किसी भी परीक्षा केंद्र को इन दोनों श्रेणियों में नहीं रखा गया है। विभागीय स्तर पर केंद्र निर्धारण के बाद अब परीक्षा के सुचारु संचालन की तैयारियां की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें।

 

 

 

To Top