Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

अगस्त्यमुनि खेल मैदान में मंदाकिनी शरदोत्सव मेले की तैयारियां शुरू..

अगस्त्यमुनि खेल मैदान में मंदाकिनी शरदोत्सव मेले की तैयारियां शुरू..

7 से 11 नवंबर तक आयोजित किया जायेगा मन्दाकिनी शरदोत्सव मेला..

कोरोना महामारी के कारण दो वर्षों से इस मेले का बड़ी बेसब्री से इन्तजार कर रही स्थानीय जनता..

मेले के शुभारंभ पर पहुंचेंगी प्रदेश की महिला सशक्तीकरण एवं खेल मंत्री रेखा आर्य..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि के विशाल खेल मैदान में 7 से 11 नवम्बर तक लगने वाले पांच दिवसीय मन्दाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले को लेकर मेला समिति ने अपनी तैयारी को अन्तिम रूप दे दिया है। वहीं खेल मैदान में मेलार्थियों के मनोरंजन के लिए चर्खी, झूले आदि लगभग तैयार चुके हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटी रेलगाड़ी, जम्पिंग पैड तथा अन्य कई उपकरण लग चुके हैं। जिनमें बच्चों ने झूलना भी प्रारम्भ कर दिया है।

मेले का मुख्य पांडाल एवं सरकारी विभागों के लिए स्टॉल लगाने की जगह भी तैयार हो रही है। एक ओर जहां मेला समिति मेले को भव्य बनाने के लिए दिन रात कार्य कर रही है, वहीं स्थानीय जनता कोरोना महामारी के कारण दो वर्षों से इस मेले का बड़ी बेसब्री से इन्तजार कर रहे हैं। मेला समिति के संयोजक विक्रम नेगी तथा महासचिव हर्षवर्धन बेंजवाल ने बताया कि मेले में होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कई कार्यक्रम फाइनल हो चुके हैं।

सात नवम्बर को मेले का उद्घाटन 11 बजे प्रातः प्रदेश की महिला सशक्तीकरण एवं खेल मंत्री रेखा आर्य करेंगी। इस अवसर पर उनके साथ केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत भी मौजूद रहेंगी। इसी दिन वे क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की भी शुरूआत करेंगी। अपराहन दो बजे से कीर्तन मंडलियों की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी, जबकि रात्रि आठ बजे से स्थानीय कलाकारों पम्मी नवल, विजय चमोला, अजय नौटियाल, अनिल कोठियाल, आरती गुसाईं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जायेंगी।

आठ नवम्बर को मेले का शुभारम्भ केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत करेंगे। 11 बजे से विभिन्न विद्यालयों के जूनियर छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। रात्रि आठ बजे से गढ़ गौरव नरेन्द्र सिंह नेगी, मीना राणा तथा अनिल बिष्ट के गीतों की महफिल सजेगी। नौ नवम्बर को राज्य स्थापना दिवस पर विभिन्न विद्यालयों द्वारा मार्चपास्ट किया जायेगा, जिसकी सलामी बतौर मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री सौरव बहुगुणा लेंगे।

इस अवसर पर वे राज्य आन्दोलकारी शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर उफ्तारा (उत्तराखण्ड फिल्म टीवी तथा रेडियो एसोसिएशन) द्वारा विभिन्न कार्यक्रम दिखाये जायेंगे। सायं चार बजे से कलश संस्था द्वारा गढ़वाली कवि सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा, जबकि रात्रि को संगीता ढ़ौडियाल, सौरव मैठाणी द्वारा गढ़वाली गीतों की संध्या आयोजित की जायेगी। 10 नवम्बर को रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी मेले का शुभारम्भ करेंगे। 11 बजे से विभिन्न विद्यालयों के सीनियर छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।

सांय तीन बजे से ममंद कंडारा द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जायेगी। रात्रि को करिश्मा शाह, रूहान भारद्वाज आदि द्वारा अपने गीतों से दर्शकों को झुमायेंगे। 11 नवम्बर को मेले के समापन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। सांय को आचार्य कृष्णानन्द नौटियाल एवं उनकी टीम द्वारा मकर व्यूह का मंचन किया जायेगा। लक्की ड्रॉ का परिणाम एवं पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन होगा। उन्होंने मेला समिति के सभी सदस्यों को अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करने का अनुरोध किया है, जिससे मेला शान्तिपूर्वक सफल हो सके।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top