देश/ विदेश

लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों वोटिंग जारी..

लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों वोटिंग जारी..

 

देश –  विदेश  : पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को यानी आज उपचुनाव हो रहे हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। आपको बता दें कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और झारखंड उपचुनाव के लिए रविवार को वोटों की गिनती होगी।

पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में सभी की निगाहें आम आदमी पार्टी पर टिकी हैं जो विधानसभा चुनावों में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद लोकप्रियता की पहली परीक्षा का सामना कर रही है। उपचुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब आम आदमी पार्टी (आप) कानून-व्यवस्था के मुद्दे और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर विपक्ष के विरोध का सामना कर रही है।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने धूरी के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी को उपचुनाव में उतारा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को अपना उम्मीदवार बनाया है, जो 4 जून को भगवा पार्टी में शामिल हुए थे। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के दोषी बलवंत सिंह राजोआना की बहन कमलदीप कौर को मैदान में उतारा है।

आपको बता दें कि संगरूर लोकसभा सीट 20 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में धुरी सीट जीतने के बाद भगवंत मान के सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी।

यूपी के आजमगढ़ और रामपुर में कांटे की टक्कर..

उत्तर प्रदेश में विपक्षी समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाली दो लोकसभा सीटों आजमगढ़ और रामपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मतदान के पहले दो घंटों में औसतन आठ प्रतिशत से अधिक वोट पड़े हैं। आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के इस्तीफे के कारण हो रहा है।

रामपुर सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने खाली की थी। यहां से से भाजपा ने घनश्याम सिंह लोधी को मैदान में उतारा है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। वहीं, सपा ने असीम राजा को मैदान में उतारा है। मायावती के नेतृत्व वाली बसपा रामपुर से चुनाव नहीं लड़ रही है।

आजमगढ़ में त्रिकोणीय संघर्ष..

आजमगढ़ सीट पर बीजेपी की तरफ से भोजपुरी के मशहूर अभिनेता-गायक दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, सपा से धर्मेंद्र यादव और बसपा से शाह आलम जिन्हें गुड्डू जमाली के नाम से भी जाना जाता है, चुनाव मैदान में हैं। यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो चुका है। आपको बता दें कि इस लोकसभा सीट में पड़ने वाले सभी चार विधानसभा क्षेत्रों (आजमगढ़, मुबारकपुर, सगड़ी, गोपालपुर और मेघनगर) में हाल के विधानसभा चुनावों में सपा को जीत मिली थी।

त्रिपुरा के सीएम भी लड़ रहे चुनाव..

त्रिपुरा में अगरतला, टाउन बारदोवाली, सूरमा और जुबराजनगर सीटों की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। सुदीप रॉय बर्मन और आशीष साहा के भाजपा विधायक पद से इस्तीफा देने और फरवरी में कांग्रेस में शामिल होने के बाद दोनों सीटें खाली हुई थी। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री साहा अभी विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। वह टाउन बारदोवाली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आशीष साहा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस और वाम मोर्चा ने चारों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

आंध्र प्रदेश में आत्मकुरु विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के पहले दो घंटों में करीब 12 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। फरवरी में तत्कालीन उद्योग मंत्री मेकापति गौतम रेड्डी की मृत्यु के कारण यह सीट खाली हुई था। उनके भाई विक्रम रेड्डी सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस के उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला भाजपा के जी भरत कुमार यादव से है।

AAP बचा पाएगी रजिंदर नगर सीट..

दिल्ली में राजिंदर नगर सीट पर वोटिंग हो रही है। आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों ने ही यहां जीत का दावा किया है। हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद आप नेता राघव चड्ढा के सीट छोड़ने के बाद यहां उपचुनाव की नौबत आई। चड्ढा राजिंदर नगर विधानसभा सीट से विधायक थे। आप ने उपचुनाव में ‘रिकॉर्ड जीत’ दर्ज करने का दावा किया है। वहीं भगवा पार्टी को उम्मीद है कि वह सत्ताधारी पार्टी को इस सीट पर पछाड़ देगी।

झारखंड में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदार विधानसभा सीट पर उपचुनाव शुरू हो गया है। यहां 433 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है, जिसमें 141 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और 218 को संवेदनशील घोषित किया गया है।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top