उत्तराखंड

रुद्रप्रयाग जिले में हाशिए पर नजर आ रहा कांग्रेस संगठन…

संगठन की सहमति के बिना दावेदार बांट रहे अपने सेवकों को पद…

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी, पार्टी हाईकमान से की शिकायत…

रुद्रप्रयाग :  अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर कांग्रेस के दावेदारों ने जोर आजमाइश भी शुरू कर दी है। जो दावेदार कल तक जनता की नजरों से कोसों दूर थे, वे आज जनता के बीच जाकर उनका दिल जीतने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि कई ऐसे दावेदार हैं जो कार्यकर्ताओं को पद बांटने में लगे हैं और इसकी भनक पार्टी के जिलाध्यक्ष को भी नहीं है। कांग्रेस में इस तरह की खींचतान चल रही है कि हर तरफ चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। दावेदार अपने-अपने कार्यकर्ताओं को अपनी मनमर्जी से पद बांट रहे हैं। जिला संगठन से कोई राय-मश्वरा ही नहीं लिया जा रहा है। संगठन को तब इसकी भनक लग रही है, जब सोशल मीडिया पर बधाई देने वाले संदेश छोड़ रहे हैं।

 

विधानसभा के दावेदारों का रवैया ऐसा कई बार देखा गया है। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के जिला आगमन पर अपनी पकड़ को मजबूत दिखाते हुए दावेदारों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कई धड़ों में बांट दिया। जिला मुख्यालय पर ही तीन से चार जगहों पर अलग-अलग तरीके से प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। विधानसभा के दावेदारों ने जोर आजमाइश में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उस समय भी कांग्रेस पार्टी का काफी मजाक बना और अब फिर से कांग्रेस संगठन का मजाक बनता नजर आ रहा है। कांग्रेस से रुद्रप्रयाग विधानसभा के एक दावेदार ने अपने एक कार्यकर्ता प्रेम प्रकाश कोठारी को उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बना दिया, जबकि दूसरे दावेदार ने महामंत्री बना दिया। इसकी भनक कांग्रेस जिला संगठन को तक नहीं लगी।

 

इसके बाद सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों के संदेश देखने के बाद संगठन के जिलाध्यक्ष ईश्वर बिष्ट ने आनन-फानन में पार्टी हाईकमान से बातचीत की। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि जिले से व्यापार प्रकोष्ठ के लिए प्रमोद गुसाई का नाम सर्व सहमति से फाइनल किया गया है, जिसकी घोषणा होनी चाहिए थी, मगर जिले में किसी अन्य व्यक्ति को व्यापार प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बना दिया गया है, जिसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सर्व सहमति से बनाये गये जिलाध्यक्ष प्रमोद गुसाई के नाम की घोषणा की गई और पत्र जारी किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट ने बताया कि पार्टी में हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जा रहा है, मगर कुछ लोग पार्टी को कमजोर करने का काम करने में लगे हुए हैं।

 

इनकी मंशा पार्टी को बदनाम करने की है, जिसकी वजह से पार्टी आज जिला स्तर पर हाशिये पर चली गयी है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष पद पर प्रमोद गुसाई के लिए सहमति जताई है, जबकि प्रदेश महामंत्री माधो सिंह नेगी को बनाया गया है। इसके अलावा महामंत्री नीरज डंगवाल को भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। उन्होंने कहा कि जो भी आगे से विधानसभा की दावेदारी के लिए इस प्रकार के कृत्य करेगा, उसके खिलाफ कार्यवाही के लिए प्रदेश हाईकमान को पत्र भेजा जायेगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top