Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उरेड़ा विभाग के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करे बैंक: मयूर..

उरेड़ा विभाग के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करे बैंक: मयूर..

मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना की डीएम ने ली समीक्षा बैठक..

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। जनपद के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उरेड़ा विभाग के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना की जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने समीक्षा बैठक लेते हुए परियोजना अधिकारी उरेड़ा से योजना के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में परियोजना अधिकारी संदीप कुमार सैनी ने जिलाधिकारी को बताया कि मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 64 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 18 आवेदन पत्रों को ऋण स्वीकृत के लिए बैंकों को प्रेषित किया गया है तथा एक व्यक्ति को बैंक द्वारा ऋण उपलब्ध कराते हुए प्रोजेक्ट लगा दिया गया है तथा एक आवेदन पत्र को बैंक द्वारा स्वीकृत किया गया है।

10 आवेदन पत्र पीपीए में लंबित हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित बैंक प्रबंधकों से कहा कि मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत उरेड़ा विभाग की ओर से जो भी आवेदन पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं, उन आवेदन पत्रों में सभी बैंक शीर्ष प्राथमिकता से कार्यवाही करते हुए ऋण स्वीकृत कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जो आवेदन पत्र सिंगल विंडो पोर्टल पर अपलोड किए जाते हैं। ऐसे आवेदन पत्रों पर 143 कराने की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

इसमें यदि किसी प्रकार की दिक्कत एवं परेशानी किसी बैंक को होती है तो इसके लिए उन्होंने परियोजना अधिकारी उरेड़ा को निर्देश दिए कि वे सभी उप जिलाधिकारियों सहित आवेदकों एवं बैंक प्रबंधकों के साथ समन्वय करते हुए बैठक आयोजित की जाए। जिसमें आवेदकों द्वारा जिस स्थान पर प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं। उस भूमि से संबंधित अभिलेख के साथ बैठक में उपस्थित होने को कहा जाए।

ताकि संबंधित अभिलेखों का उप जिलाधिकारियों द्वारा भली-भांति परीक्षण किया जा सके और 143 के संबंध में उचित कार्यवाही कराई जा सके। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्यवाही करें तथा प्राप्त आवेदन पत्रों का यथाशीघ्र निराकरण करते हुए बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, महाप्रबंधक उद्योग एचसी हटवाल, लीड बैंक अधिकारी धन सिंह डुंगरियाल, एसबीआई, आईडीबीआई बैंक, पीएनबी, काॅआपरेटिव बैंक आदि बैंकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top