Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 2 घायल..

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 2 घायल..

उत्तराखंड: रुड़की में हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो बच्चे भी घायल हो गए। बाइक सवार की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सालियर गांव निवासी रितिक (30) बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे बाइक पर दो बच्चियों के साथ रुड़की की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सालियर के पास हाईवे क्राॅसिंग पर पहुंचा तो तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

 

जिसके बाद बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी। ट्रक के नीचे आकर रितिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे छिटककर हाईवे किनारे जा गिरे और घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी और हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर हाईवे खुलवाने का प्रयास किया। इस बीच गुस्साए ग्रामीण शव को लेकर हाईवे पर ही बैठ गए। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो ग्रामीणों की पुलिस से भी नोकझोंक हो गई। सूचना मिलते ही एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल, सीओ बहादुर सिंह चौहान समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

 

एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल का कहना हैं कि तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे सड़क पर जाम लग गया। वाहन चालक हाईवे पर फंस गए। किसी तरह पुलिस ने वाहनों को रूट डायवर्ट कर यातायात सुुचारू करवाया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top