Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बच्छणस्यूं की बुजुर्ग महिला को डंडी में बिठाकर पहुंचाया अस्पताल..

खांकरा-भूमरागढ़-पौड़ीखाल मोटरमार्ग का शिलान्यास के बावजूद नहीं हुआ काम शुरू..

सड़क न होने पर डोली के सहारे बीमार महिला को पहुंचाया चिकित्सालय..

आक्रोशित ग्रामीणों का सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा, बद्रीनाथ हाईवे को किया जाम..

सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाया रुद्रप्रयाग जनपद का दूरस्थ क्षेत्र पौड़ीखाल..

रुद्रप्रयाग:  बच्छणस्यूं क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंगोली और निषणी को जोड़ने के लिए स्वीकृत खांकरा-भूमरागढ़-पौड़ीखाल मोटरमार्ग का शिलान्यास के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्थिति यह है कि मोटरमार्ग न होने से बीमार लोगों को डंडी में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। शनिवार को इसी प्रकार का एक मामला रुद्रप्रयाग जनपद के बच्छणस्यूं क्षेत्र में देखने को मिला। सड़क न होने पर ग्रामीण एक बुजुर्ग बीमार महिला को कंडी के सहारे राजमार्ग पर लाये। ऐसे में ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बद्रीनाथ हाईवे को जाम करते हुये ग्रामीणों ने सरकार और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

 

पहाड़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और यातायात के बुरे हाल हैं, जिस कारण पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन जारी है। रुद्रप्रयाग जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों के कई गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। जिस कारण ग्रामीण जनता को मीलों पैदल चलकर रोजमर्रा की सामग्री भी पीठ में ढोनी पड़ती हैं। परेशानियां तब अधिक होती हैं जब किसी मरीज को डंडी-कंडी के सहारे चिकित्सालय पहुंचाना पड़ता है। जनपद के अंतर्गत खांखरा-दैजीमांडा-पौड़ीखाल मोटरमार्ग का निर्माण अधर में लटका हुआ है। जिस कारण कलेथ, पणधारा, मरगांव, पौड़ीखाल आदि गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

शनिवार को बच्छणस्यूं क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंगोली निवासी एक बुजुर्ग महिला की तबियत बिगड़ने पर महिला को डंडी में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया गया। जब भी गांवों में लोग बीमार होते हैं, इन्हें चारपाई और डंडी में अस्पताल पहुँचाया जाता है। भूमरागढ़-पौड़ीखाल सड़क की पुनरीक्षित स्वीकृति फरवरी 2021 में मिल गई थी। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि तकनीकी स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है। जबकि लोक निर्माण विभाग ने 25 जून 2021 से सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही थी। इस सड़क से बंगोली और निसनी ग्राम पंचायत के करीब दस गांवों को लाभान्वित होना है।

 

उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने कहा कि स्थानीय विधायक द्वारा भूमरागढ़-पौडीखाल सड़क का शिलान्यास करने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोग विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता करते-करते अब थक-हार चुके हैं। जल्द मोटरमार्ग का निर्माण शुरू न हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि अब परिपाटी यह हो गई है कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए अधिकतर निर्माण कार्यों को जानबूझकर लटकाया जा रहा है और हो हल्ला होने या फिर ऐन चुनाव से पहले काम शुरू करवाया जा रहा है। यह गलत परंपरा है। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top