Uttarakhand DIPR
देश/ विदेश

उड़ी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, तीन जवान घायल..

उड़ी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, तीन जवान घायल..

तंगधार में पाकिस्तान ने तोड़ा संघर्ष विराम, अग्रिम चौकियों को बनाया निशाना..

 

 

 

देश-विदेश: उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर उड़ी सेक्टर में सेना ने रविवार को घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाते हुए एक आतंकी को मार गिराया। ऑपरेशन में तीन जवानों के घायल होने की सूचना है। सूत्रों का कहना हैं कि उड़ी सेक्टर के गोहलन इलाके में संदिग्ध हरकत देखने के बाद सतर्क जवानों ने पाया कि आतंकियों का एक ग्रुप घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा है।

 

इस पर उन्होंने ललकारा तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मार गिराया गया। वहीं, आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हेलिकॉप्टर की भी मदद ली गई है। हालांकि, सेना ने कोई पुष्टि नहीं की है।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले भी हथलंगा जंगल क्षेत्र में तीन आतंकियों को मार गिराया गया था जो घुसपैठ कर दाखिल हुए थे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ था। वहीं 18 सितंबर को भी उड़ी सेक्टर में आतंकियों द्वारा घुसपैठ की एक कोशिश की गई थी जिसे सतर्क जवानों ने नाकाम बनाया था।

उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा इस वर्ष पहली बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। तंगधार सेक्टर के टिटवाल में पाकिस्तानी सेना द्वारा रविवार की सुबह करीब 6.55 बजे छोटे हथियारों और एमएमजी से भारतीय चौकियों को निशाना बनाने की नापाक कोशिश की गई।

 

फायरिंग करीब 15 से 20 मिनट तक जारी रही। इस दौरान किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तानी सेना ने कवर फायर दिया होगा। हालांकि, सेना की ओर से घटना की पुष्टि नहीं की गई है।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top