तेज रफ्तार बाइक चला रहे दो दोस्तों की भीषण हादसे में मौत..
उत्तराखंड: आज दुनिया भर में सड़क हादसे भयावह तरीके से बढ़ रहे हैं। हमारे भारत में भी दिन ब दिन सड़क दुर्घटनाओं की संख्याओं में बेहताशा वृद्धि हो रही हैं। मृत्यु के इस खेल में हजारों बेकसूर लोग मारे जाते हैं। वाहनों की बढ़ती संख्या तथा लापरवाही के कारण आज सड़क पर चलना या वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया हैं। यातायात नियमों की अवहेलना तथा नशे में गाड़ी चलाना, कम उम्र के बच्चों द्वारा स्टंट आदि के कारण सड़क हादसे हो जाते हैं। ऐसी ही एक हदय विदारक सड़क दुर्घटना की खबर नैनीताल के रामनगर से सामने आयी है। जहां सावल्दे गांव में रफ्तार का जुनून दो युवकों की जान पर भारी पड़ गया। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे।
तभी युवकों की बाइक मोड़ पर पुलिया और खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को घटनास्थल पर कच्ची शराब के पाउच भी पड़े मिले। हादसा गुरुवार रात हुआ। कुंभगडार निवासी सूरज कुमार अपने साथी गणेश के साथ ढेला गांव से सावल्दे की ओर आ रहा था। इस दौरान सावल्दे गांव में पुलिया के पास उनकी बाइक खंभे से टकरा गई। हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार बताई जा रही है। बाइक की पोल से भिड़ंत के बाद दोनों बाइकसवार युवक सड़क पर गिर गए।
मौके से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में जान गंवाने वाला सूरज कुमार 20 साल का था, जबकि गणेश की उम्र 25 साल है। तेज रफ्तार के जुनून ने दोनों की असमय ही जान ले ली, इधर जैसे ही युवकों की मौत की खबर उनके घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। पुलिस का कहना हैं कि घटनास्थल से कच्ची शराब के पाऊच भी मिले हैं। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।