बस और ऑटो की टक्कर में 13 की मौत..
देश-विदेश: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक बड़ी दुःखद घटना सामने आ रही हैं। जहा पर आज सुबह सड़क हादसा हो गया है। यहां पर बस और ऑटो में भीषण भिड़ंत हो गई, जिसमे 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिवार वालों को चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया है। सूचना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और शवों को निकालने का काम किया। आपको बता दें कि मृतकों में 12 महिलाएं और एक ऑटो चालक शामिल है।
जानकारी के अनुसार मृतक महिलाएं आंगनबाड़ी के लिए खाना बनाने का काम करती थी। यह सभी अपना काम खत्म करके दो ऑटो रिक्शा से वापस घर लौट रही थीं, रास्ते में एक ऑटो खराब होने के कारण ये सभी एक ही रिक्शा में बैठ गईं। ऑटो रिक्शा जैसे ही आगे बढ़ा तो वो आगे एक बस से टकरा गया और ऑटो में बैठी महिलाओं की मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवार वालों को चार लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
ग्वालियर के जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित सांघी ने बताया कि मंगलवार सुबह आंगनबाड़ी केंद्र में खाना बनाने वाली 12 महिलाएं काम करने के बाद एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर वापस अपने घर जा रही थीं। तभी सुबह करीब सात बजे शहर के पुरानी छावनी इलाके में एक बस ने सामने से ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में नौ महिलाओं और ऑटो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।मृतकों के शवों की शिनाख्त की जा रही है और उसके बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।