उत्तराखंड

बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीना हुआ मुश्किल..

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट में दिया धरना..

रुद्रप्रयाग:  प्रदेश में बढ़ती महंगाई, देव स्थानम बोर्ड को भंग करने, भ्रष्टाचार, बदहाल स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरोना से प्रदेश की स्थिति बदहाल हो गयी है, लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार की नाकामियों के कारण आम जनता पर महंगाई की मार पड़ रही है। जिला कार्यालय में धरना देते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर आने वाली है। इससे पूर्व जिले के सभी चिकित्सालयों में आवश्यक उपकरण होने चाहिए और पहले से ही सभी तैयारियां की जानी चाहिए, जिससे लोगों की जान बचाई जा सके। कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण 2017 से अभी तक जिले में निवास करने वाले 1,695 बीपीएल परिवारों को कन्या धन योजना का लाभ नहीं मिला है।

 

हर घर में सरकार ने नल तो दिए हैं, लेकिन बिना पानी के ये नल सूखे पड़ गए हैं। सरकार को अब इन नलों के लिए पानी की भी व्यवस्था करनी चाहिए। कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर घटिया निर्माण हो रहा है। हाईवे पर हुए कार्यों की पोल पहली ही बरसात में खुल गयी है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता नरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार को देवस्थानम बोर्ड को शीघ्र भंग करना चाहिए। बोर्ड के खिलाफ उत्तराखंड के चारों धामों के पुरोहित लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि चारधाम परियोजना से प्रभावित व्यक्तियों को रोजगार मुहैया करना चाहिए। बिना रोजगार के प्रभावित परेशान हैं।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा, सरकारी, गैर सरकारी सेक्टर में काम करने वाले श्रमिकों को श्रम विभाग से मिलने वाली सहायता या तो बन्द है या फिर आंशिक रूप से मिल रही है। सरकार को इस दिशा में भी ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वाण, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेन्द्र झिंक्वाण, महामंत्री शैलेन्द्र गौस्वामी, कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह बुटोला, बंटी जगवाण, विशाल रावत, हरीश गुसाई, नरेन्द्र सिंह रावत, पंकज गोस्वामी, देवेन्द्र भंडारी, सहित अन्य मौजूद थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top