द्रौपदी मुर्मू की जीत के लिए भाजपा विधायकों की अहम बैठक..
उत्तराखंड: राष्ट्रपति चुनाव में राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा कल यानी 17 जुलाई को वोटिंग का मॉकड्रिल करेगी।
राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 11 जुलाई को देहरादून दौरे पर आयी थी। उस दौरान उन्होंने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर उनका समर्थन मांगा था। सभी ने उन्हें समर्थन देने का वादा किया था। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होना है।
आपको बता दे कि मतदान के दौरान भाजपा अपना एक भी वोट खराब नहीं करना चाहती। इसलिए अगले दो दिन तक विधायकों को वोटिंग के बारे में समझाया-सिखाया जाएगा। प्रदेश सरकार के संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी विधायकों से राष्ट्रपति चुनाव के मतदान तक देहरादून में ही रहने का आग्रह किया है।
इससे पहले सभी विधायकों से 16 जुलाई यानी शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के मुख्य सेवक सदन में एक बैठक रखी गई है। यह बैठक शाम सात बजे होगी। इस बैठक में सभी विधायकों से उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है। अग्रवाल का कहना हैं कि बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।