उत्तराखंड

अजैविक व जैविक कूड़े को बेचकर पालिका कर रही डबल मुनाफा..

अजैविक व जैविक कूड़े को बेचकर पालिका कर रही डबल मुनाफा..

नगर पालिका रुद्रप्रयाग ने चालू वित्तीय वर्ष में बेचा 44 हजार का कूड़ा..

कूड़े से प्राप्त आय से पालिकों की जरूरतों को किया जा रहा पूरा..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। नगर पालिका रुद्रप्रयाग अजैविक कूडे़ को बेचकर लाखों की आमदनी कर रही है। साथ ही जैविक कूड़े से खाद तैयार कर इसे भी बेचा रहा है। इससे पालिका को डबल मुनाफा हो रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक पालिका ने लगभग 44 हजार रुपये का कूड़ा बेच दिया है। कूडे से प्राप्त धनराशि से कार्यालय की जरूरतों के साथ ही विकास कार्य पर खर्च किया जा रहा है।

बता दें कि नगर पालिका रुद्रप्रयाग में लगभग 20 हजार आबादी निवास करती है। पालिका क्षेत्र को सात वार्डों में बांटा गया है। यहां से हर दिन घरों एवं दुकानों से करीब 6 टन कूड़ा एकत्रित किया जाता है। इस कूड़े में 40 क्विंटल जैविक और 20 क्विंटल अजैविक कचरा शामिल रहता है। नगर पालिका की ओर से कूड़े को डंप करने के लिए जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर रैंतोली में डंपिंग जोन बनाया गया है, जहां जैविक और अजैविक कूड़े की छंटनी कर अजैविक कूड़े को कॉम्पैक्टर मशीन से काम्पेक्ट किया जाता है।

 

इस कार्य के लिए नगर पालिका के पर्यावरण मित्र एवं नगर पालिका के 7 वार्डों में 22 महिला स्वच्छता समिति घर-घर जाकर कूड़ा उठाने का कार्य कर रही हैं। इसमें प्रति परिवार की ओर से 30 रुपये महीने में लिया जाता है। नगर पालिका लगातार अजैविक कूड़े को एकत्रित कर रिसाइकलिंग के बाद बेच रही है। नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग ने चालू वित्तीय वर्ष में अजैविक कूड़े (गत्ता, प्लास्टिक, काँच, टिन) को सामग्रीवार पृथक-पृथक किया गया। कुल 3.5 टन कूड़े को रिसाइकिलिंग के बाद बिक्री कर दिया गया है। पालिका को अब तक कुल 44 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई है।

 

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुशील कुरील ने बताया कि पालिका क्षेत्र में हर दिन बाजार व घरों से अजैविक व जैविक कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है, जिसकी छंटनी कर अजैविक कूड़े को कॉम्पैक्टर मशीन से काम्पेक्ट किया जाता है, जबकि जैविक कूड़े से खाद तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि अजैविक कूड़े को रिसाइकलिंग करते हुए इससे अच्छी आय प्राप्त की जा रही है। इसके अलावा जैविक कूड़े की खाद तैयार करने के बाद इसे भी बेचा जा रहा है। ऐसे में पालिका को डबल मुनाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 को देखते हुए पालिका लगातार स्वच्छता अभियान को और तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने नगरवासियों से पालिका क्षेत्र को स्वच्छ रखने का आहवान किया है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top