उत्तराखंड

15 घंटे बाद शुरू हुई केदारनाथ हाईवे पर आवाजाही..

15 घंटे बाद शुरू हुई केदारनाथ हाईवे पर आवाजाही..

बुधवार सांय पांच बजे पहाड़ी टूटने से फाटा में बंद हो गया था हाईवे..

हजारों यात्री रातभर हाईवे पर ही करते रहे खुलने का इंतजार..

केदारनाथ धाम की यात्रा में मौसम बना है बाधक..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। विश्व विख्यात केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए मौसम दुश्वार बना हुआ है। आये दिन केदारघाटी में मूसलाधार बारिश होने के कारण केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह आवाजाही प्रभावित हो रहा है। जिस कारण केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियांे को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सांय पांच बजे केदारनाथ हाईवे फाटा के पास बंद हो गया था, जो कि बृहस्पतिवार सुबह दस बजे के करीब खुल पाया। इस बीच हजारों यात्री हाईवे पर ही फंसे रहे। वहीं दूसरी ओर केदारनाथ धाम में भी लगातार बारिश जारी है।

इन दिनों विश्व विख्यात केदारनाथ धाम की यात्रा चरम सीमा पर है। प्रत्येक दिन 14 हजार से अधिक यात्री केदारनाथ के दर्शनों के लिये पहुंच रहे हैं, लेकिन यात्रा में मौसम लगातार बाधक बन रहा है। पिछले एक सप्ताह से केदारनाथ धाम सहित केदारघाटी में लगातार बारिश हो रही है और बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। वैसे इन दिनों बारिश के बाद भूस्खलन कम ही होता है, लेकिन यहां अभी भी पहाड़ी भर भराकर टूट रही है। केदारनाथ हाईवे पर फाटा में पहाड़ी टूट गई थी। पहाड़ी से मलबा इतना अधिक आ गया था कि हाईवे को खोलने में 15 घंटे से अधिक का समय लग गया।

इस बीच हजारों यात्री हाईवे पर ही फंसे रहे। कई यात्रियों को रात को ही वापस भेजा गया, जबकि कई यात्री हाईवे खुलने का इंतजार करते रहे। जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा एवं केदारघाटी के व्यापारी नितिन जमलोकी ने बताया कि देर सांय हाईवे बंद होने के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति देखी गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि आल वेदर कार्य के बाद से हाईवे पर बारिश होने के बाद पहाड़ी टूट रही है, जिस कारण स्थानीय जनता के साथ ही देश-विदेश से केदारनाथ यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्री परेशान हैं। उन्होंने कहा कि आल वेदर कार्य से हाईवे के कई स्थानों पर डेंजर जोन भी उभर आये हैं। इन डेंजर जोनों का समय से ट्रीटमेंट किया जाना जरूरी है।

 

 

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top