Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत..

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत..

 

 

 

उत्तराखंड: अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मोटर मार्ग के पास सड़क किनारे एक वाहन की नंबर प्लेट पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास वाहन दिखाई नहीं देने पर आशंका जताई गई कि वाहन गहरी खाई में गिर गया है। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना भतरोंजखान पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन टीम, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने कठिन परिस्थितियों के बीच राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खाई में मिला। रेस्क्यू टीम जब वाहन तक पहुंची तो कार में सवार तीनों लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। देर रात लौटते समय रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क काफी संकरी और मोड़ खतरनाक है। रात के समय दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत किए जाने की मांग उठाई है। पुलिस ने तीनों शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top