Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

केदारनाथ धाम पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर और IG, यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा..

केदारनाथ धाम पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर और IG, यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा..

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु अनुकूल बनाने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय और गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने धाम क्षेत्र में संचालित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यात्रा को बेहतर बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और यात्रा अनुभवों की जानकारी ली। कई यात्रियों ने व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए, जिन पर अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित विभागों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बाबा केदार के दर्शन हेतु लागू टोकन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को कतारबद्ध और व्यवस्थित तरीके से ही दर्शन कराए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना टोकन पर्ची के किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती लगातार सुनिश्चित रखने के निर्देश भी दिए गए। स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी प्रशासन गंभीर दिखाई दिया। आयुक्त ने धाम क्षेत्र में शौचालयों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। हालिया बर्फबारी को देखते हुए उन्होंने फिसलन वाले स्थानों से नियमित रूप से बर्फ हटाने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

वहीं गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने धाम क्षेत्र और यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण प्रणाली और आपातकालीन सेवाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने हेलिपैड पर यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को व्यवस्थाएं और बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, आवास, भोजन व्यवस्था और गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि यात्रा अवधि के दौरान सभी सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा दोनों मोर्चों पर विशेष तैयारी की गई है। शासन-प्रशासन लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है ताकि बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिल सके।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top