उत्तराखंड

ग्रीष्मकाल के लिए खुले द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट..

ग्रीष्मकाल के लिए खुले द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट..

चल विग्रह उत्सव डोली ने मुख्य मन्दिर की तीन परिक्रमाएं कर सहायक मन्दिरों मे नवाया शीश..

ठीक 11 बजे कर्क लगन में वेद ऋचाओं व मंत्रोच्चारण के साथ खोले गये मदमहेश्वर के कपाट..

कपाट खुलते ही यात्रा पड़ावों में लौटने लगी रौनक..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। पंच केदारों में द्वितीय केदार के नाम से विश्व विख्यात व सुरम्य मखमली बुग्यालों के मध्य बसे भगवान मदमहेश्वर के कपाट वेद ऋचाओं व मंत्रोच्चारण के साथ कर्क लग्न में ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये गये हैं। कपाट खुलने के पावन अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने पूजा-अर्चना व जलाभिषेक कर विश्व शान्ति व समृद्धि की कामना की। भगवान मदमहेश्वर के कपाट खुलते ही यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है।

गुरूवार को ब्रह्म बेला पर गौंडार गांव में मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर ने पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाएं संपंन कर भगवान मदमहेश्वर सहित तैतीस कोटी देवी-देवताओं का आहवान किया। ठीक प्रातः छः बजे भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली का भव्य श्रृंगार कर आरती उतारी तथा भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली गौंडार गांव से कैलाश के लिए रवाना हुई। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश रवाना होने पर गौंडार सहित विभिन्न गांवों के भक्तों ने पुष्प, अक्षत्रांे से अगुवाई की तथा लाल-पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने विभिन्न यात्रा पड़ावों पर भक्तों को आशीर्वाद देते ठीक सवा बजे देव दर्शनी पहुंचकर विश्राम किया।

 

कुछ देर विश्राम के बाद मदमहेश्वर धाम के भंडारी मदन सिंह पंवार एवं विशाम्बर पंवार ने धाम से शंख ध्वनि देकर डोली को धाम आने का निमंत्रण दिया तो डोली के साथ चल रहे भक्तों ने भी शंख ध्वनि देकर निमंत्रण को स्वीकार किया और डोली धाम के लिए रवाना हुई।

भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने मुख्य मन्दिर की तीन परिक्रमा कर सहायक मन्दिरों मे शीश नवाया तथा ठीक 11 बजे कर्क लगन में भगवान मदमहेश्वर के कपाट वेद ऋचाओं व मंत्रोच्चारण के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये गये। कपाट खुलने के बाद विद्वान आचार्य अभ्युदय जमलोकी ने परम्परानुसार शुद्धिकरण यज्ञ किया और तीन सौ से अधिक भक्तों ने भगवान मदमहेश्वर के स्वयंभू लिंग पर जलाभिषेक कर विश्व शान्ति व समृद्धि की कामना की। कपाट खुलने के पावन अवसर पर दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति दिनेश कनौडिया ने भक्तों को भगवान मदमहेश्वर की महिमा पर आधारित पुस्तक मदमहेश्वर महात्म्य निःशुल्क भेंट की तथा लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ के नारायण दत्त जुयाल ने विशाल भंडारे का आयोजन किया।

 

सिक्स सिग्मा मेडिकल सर्विस टीम ने धाम आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी शुरू कर दिया है, जिसका संचालन पूरे यात्रा सीजन में किया जायेगा। इस मौके पर सिक्स सिग्मा के सीईओ प्रदीप भारद्वाज, डाॅ अनीता भारद्वाज, डोली प्रभारी दीपक पंवार, प्रधान बीर सिंह पंवार, पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार, शिव सिंह रावत, मदमहेश्वर घाटी विकास मच अध्यक्ष मदन भटट, धीर सिंह रावत, मनोज मैठाणी, मोहन मैठाणी, संतोष कप्रवाण, समरजीत कुंवर, मृत्युंजय हिरेमठ, मनोज पटवाल, नरेन्द्र सिंह नेगी, कुंवर सिंह नेगी, रवीन्द्र रावत, राजीव भटट, अरविन्द पंवार, खुशहाल सिंह नेगी, आशीष राणा, वन दरोगा पदमा दत्त पाण्डेय, राजस्व उप निरीक्षक दिवाकर डिमरी, सन्दीप बेंजवाल, कैलाश सिंह कुंवर, एसपी भटट, कुलदीप, विनोद रावत सहित देश-विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु व हक-हकूकधारी मौजूद थे।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top