उत्तराखंड

अवैध तरीके से बनाये गये 20 खोखों को प्रशासन ने किया ध्वस्त..

अवैध तरीके से बनाये गये 20 खोखों को प्रशासन ने किया ध्वस्त..

अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनाया कड़ा रूख..

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा पड़ावों में किये जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन के निर्देश पर राजस्व विभाग ने कड़ा रूख अपनाया है। शिकायत के बाद पिछले दिनों भी गौरीकुंड में अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया था, बावजूद इसके फिर से लोगों ने अवैध तरीके से अतिक्रमण करना शुरू कर दिया, जिस पर सख्त रूख अपनाया गया है। बता दें कि छः मई से बाबा केदार की यात्रा शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में यात्रा मार्गो पर अवैध तरीके से अतिक्रमण करने का सिलसिला भी जारी हो गया है। हर वर्ष यात्रा मार्ग पर अवैध तरीके से अतिक्रमण किया जाता है, जिस पर जिला प्रशासन की ओर से कार्यवाही की जाती है। इस वर्ष भी अतिक्रमणकारियों की ओर से टिन शेट के खोखों के साथ ही पक्की दुकानों को बनाकर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है, जिस पर प्रशासन ने डंडा चलाया है। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के ब्यंूगगाड़ और सोनप्रयाग में किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया है। एसडीएम ऊखीमठ, पटवारी फाटा, गुप्तकाशी, एनएच लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्यवाही की है।

 

केदारनाथ राजमार्ग पर ब्यूंगगाड़ में सर्वेशानंद द्वारा अवैध रूप से बनाई गई पक्की दुकान को ध्वस्त किया गया है, जबकि सोनप्रयाग में अवैध रूप से बनाए गए बीस टिन शेट के खोखों को तोड़ा गया है। केदारनाथ यात्रा मार्ग के फाटा से गौरीकुंड तक बड़ी संख्या में अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। हर साल अवैध रूप से नई-नई दुकानें बनती जा रही हैं। पिछले कई सालों से धड़ल्ले से राज्य सरकार की भूमि पर माफियाओं और स्थानीय व्यक्तियों की ओर से कब्जा किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन कई बार इन लोगों को चेतावनी देते हुए अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही करता रहा है, बावजूद इसके हर साल कुछ रसूखदारों की शह और स्थानीय लोगों के संरक्षण से अवैध कब्जों में वृद्धि होती जा रही है। गत फरवरी माह में गौरीकुण्ड में राज्य सरकार की भूमि पर अवैध तरीके से अतिक्रमण कर बनाये गए दो पक्के लेंटर युक्त दुकानों को धवस्त कर दिया गया था।

 

इसके बाद अब प्रशासन की टीम ने सोनप्रयाग में 20 अवैध तरीके से बनाये गये टिन शेट के खोखो को तोड़ दिया है। प्रशासन पूर्व में अतिक्रमणकारियों को अवैध अतिक्रमण हटाने की चेतावनी भी दे चुका था, मगर अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन की एक नहीं सुनी। ऐसे में प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है, जिस कारण अतिक्रमणकारियों की नींद उड़ गई है। जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध तरीके से अतिक्रमण करने की शिकायतें मिल रही हैं। इन शिकायतों पर त्वरित रूप से कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे के किनारे अतिक्रमण करने वालों की अब खैर नहीं है। इनके खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जा रहा है।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top