Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

मौसेरे भाई हैं भाजपा-कांग्रेस: काशी सिंह ऐरी..

मौसेरे भाई हैं भाजपा-कांग्रेस: काशी सिंह ऐरी..

मुख्यमंत्रियों की हैसियत हाईकमान के मुनीम से ज्यादा नहीं..

 

 

 

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों की हैसियत हाईकमान के मुनीम से ज्यादा नहीं है। उन्होंने कहा कि उक्रांद 2022 में मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उक्रांद का मुख्य एजेंडा मूल निवास लागू करना, गैरसैण राजधानी बनाना, उत्तराखंड में स्थापित किसी भी प्रोजेक्ट में 80 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देना, हर परिवार से एक व्यक्ति को नौकरी, सशक्त भू-कानून लागू करना, बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सशक्त भू कानून न होने से बाहर से यहां आ रहे लोग जमीनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।

 

भाजपा सरकार ने जमीन को कौड़ियों से भाव बेचने के किये कानून बना दिये हैं। उन्होंने कहा कि मूल निवास लागू न होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। स्थायी निवास होने से अधिकतर बाहर के लोग नौकरियों पर डाका डाल रहे हैं। उन्होंने भाजपा-कांग्रेस को मौसेरे भाई की संज्ञा देते हुए कहा कि आज तक दोनों राष्ट्रीय पार्टियों ने एक भी घोटाले का पर्दाफाश नहीं किया।

 

दोनों पार्टियां बारी-बारी से उत्तराखण्ड को लूट रही हैं। इस बार जनता को इन्हें सबक सिखाना चाहिए। एक मौका क्षेत्रीय पार्टी को भी मिलना चाहिए, जिसने इस राज्य का निर्माण किया है। इस मौके पर केंद्रीय उपाध्यक्ष ललित बिष्ट, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी किशन मेहता आदि मौजूद थे।

 

 

उक्रांद को दिवंगत नेताओं की कमी खलती रहेगी..

केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने उक्रांद के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ आंदोलनकारी स्वर्गीय अवतार सिंह राणा के गांव रूमसी पहुँचकर परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। साथ ही स्वर्गीय अवतार सिंह राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने स्वर्गीय नरेन्द्र सिंह नेगी के गांव बीरों-बष्टी पहुँचकर परिजनों से मुलाकात की।

 

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अवतार सिंह राणा और नरेंद्र नेगी के निधन से दल को अपूरणीय क्षति हुई है। वे हमेशा दल के प्रति समर्पित रहे। दल को हमेशा उनकी कमी खलती रहेगी। उन्होंने दिवंगत वरिष्ठ आन्दोलनकरी गंगाधर सेमवाल, बालेश्वर डंगवाल, दर्शन बिष्ट को भी याद किया और कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के असमय चले जाने से दल और समाज को नुकसान हुआ है।

 

 

इन सभी का एक बेहतर उत्तराखंड बनाने का सपना था। जिसे अब हम सभी को मिलकर साकार करना है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र नौटियाल, केंद्रीय सचिव गजपाल रावत, केंद्रीय प्रवक्ता देवेंद्र चमोली, केंद्रीय सचिव पृथ्वीपाल रावत, कार्यकारी अध्यक्ष बलवीर चौधरी, पूर्व केंद्रीय सचिव मुकेश डोभाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत चौहान, जिला प्रवक्ता मोहित डिमरी, सरला खंडूरी, योगम्बर भारती, नगर महामंत्री सुनील गोस्वामी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top