कोविड कर्फ्यू में और ढील दे सकती है सरकार, होटल-रेस्टोरेंट खोलने की भी तैयारी..
उत्तराखंड: कोरोना संक्रमण के मामलों में आ रही कमी को देखते हुए राज्य सरकार पर्यटन कारोबार को कुछ राहत दे सकती है। राज्य सरकार होटल व रेस्टोरेंट खोलने की संभावना पर गंभीरता से विचार कर रही है। आपको बता दें कि पड़ोसी राज्य हिमाचल ने बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की शर्त हटा दी है। ऐसा पड़ोसी राज्य ने कोरोना के कारण मूर्छित पड़े अपने पर्यटन कारोबार को ऑक्सीजन देने के उद्देश्य से किया है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल खुलने से पर्यटकों का रुख उत्तराखंड के बजाय पड़ोसी राज्य की ओर हो चुका है। ऐसे में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि प्रदेश सरकार से बाजारों व होटल-रेस्टोरेंट को खोलने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। उधर, सरकार ने पहले ही 22 जून से अनलॉक के संकेत दे दिए थे। इसके साथ ही सरकार उच्चस्तरीय समिति बैठक में अनलॉक करने या अन्य रियायतों के साथ कोविड कर्फ्यू को प्रदेश में जारी रखने का भी निर्णय लेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश सरकार कोविड कर्फ्यू में उन जिलों में रियायत दे सकती है जहां कोरोना संक्रमण की दर काफी कम है। कुछ पर्यटन स्थलों को भी खोलने पर विचार हो रहा है। जिसमें होटल-रेस्टोरेंट का खोला जाना भी शामिल है। कोविडकाल में पर्यटन व्यवसायियों को बहुत नुकसान हुआ है। उनकी ओर से होटल और रेस्टोरेंट खोले जाने के अनुरोध किए गए हैं। सरकार कोविड की स्थिति और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगी। कोविड कर्फ्यू को लेकर बैठक शनिवार यानि आज हो सकती है।

