Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को घटिया खाना मिलने पर रोष..

चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को घटिया खाना मिलने पर रोष..

अधिकारियों को दिया जा रहा है गर्म खाना तो कर्मचारियों को परोसा जा रहा हैं ठंडा खाना..

अधिकारियों को मटर पनीर तो कर्मचारियों के लिये कच्चे चावल..

सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है खाने का वीडियो..

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। जिले में अगस्त्यमुनि स्थित खेल मैदान में निर्वाचन डूयूटी पर लगे कर्मचारियों को खराब खाना मिलने की एक खबर खूब वायरल हो रही है। जिसमें कर्मचारियों को कच्चा एवं ठण्डा खाना परोसे जाने तथा अधिकारियों को पनीर आदि का लजीज खाना परोसे जाने की बात कही गई है। अगस्त्यमुनि में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चावल कच्चे एवं ठण्डे होने की बात की जा रही है। साथ ही कुछ फोटो भी वायरल हो रही हैं, जिसमें डस्टबिन में पनीर इत्यादि की सब्जी फेंकी गई है। कर्मचारियों की दबे स्वरों में हो रही शिकायत वायरल वीडियो से पुख्ता लग रही है।

 

सूत्रों की मानें तो सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक अगस्त्यमुनि निर्वाचन स्थल में डटे कर्मचारियों को फीकी चाय परोसी जा रही है तो दिन के खाने में कच्चे चावल दिए जा रहे हैं। खाना बनाने वाले खाना गर्म करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं, सुबह का बना खाना दोपहर बाद तक यूं ही खुले में टेबल पर रख दिया जाता है। जिसको खाना हो वह खाये। ऐसे में स्वाद की तो बात ही करना ही बेमानी है। ठंड के मौसम में जी जान से जुटे कर्मचारियों की चाय से चायपत्ती, चीनी तो गायब है ही बाकी अदरक एवं मसालेदार चाय की कल्पना बहुत दूर की कौड़ी लग रही है।

 

हद इतनी कि लगातार काम कर रहे कर्मचारियों के लिए न दाल रोटी गर्म है, न खाने वाले स्थान पर साफ सफाई ही कहीं नजर आ रही है। वहीं अधिकारियों के लिए इससे एकदम उलट गर्म एवं लजीज खाना दिया जा रहा है। बारिस ने भी अपना कहर और बरपा रखा है। जहां खाना बन एवं परोसा जा रहा है वहां पर बारिस से कीचड़ हो रखा है। कई कर्मचारियों ने नाम न बताने की शर्त पर जानकारी दी कि चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए कच्चा एवं ठण्डा खाना है जबकि वहीं चुनाव डूयूटी में लगे अधिकारियों की मौज है।

 

उनकी थाली में गर्म गर्म रोटी, मटर पनीर आदि चकाचक है। कर्मचारियों का कहना है कि निर्वाचन डूयूटी में पर्याप्त बजट होने के बाद भी ऐसी घोर लापरवाही का जिम्मेदार कौन है। हालांकि वायरल हो रहे विडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं, लेकिन अगस्त्यमुनि बाजार में निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के बीच यह चर्चा का विषय जरूर बन चुका है। इससे कर्मचारियों में भी खासा रोष है तथा ऐसे हालातों में भविष्य में ड्यूटी कैसे होगी यह यक्ष प्रश्न तो उठता है।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top