उत्तराखंड

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की कटुता बरकरार, बोले बेमिसाल और बेदाग़ रहे चार साल..

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की कटुता बरकरार, बोले बेमिसाल और बेदाग़ रहे चार साल..

उत्तराखंड: अपने कार्यकाल में लिए गए फैसलों पर तीरथ सरकार में किए जा रहे बदलाव से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की कटुता कम नहीं हो रही है। धर्मपुर में रविवार को उन्होंने अपने चार साल के कार्यकाल को साफ-सुथरा, बेदाग और बतौर मुख्यमंत्री लिए गए फैसलों को जनता के हित के लिए बेमिसाल करार दिया। धर्मपुर चौक स्थित शिव मंदिर के हॉल में धर्मपुर भाजपा मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्वागत और सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया था। जहा कार्यकर्त्‍ताओं में जोश भरते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने उनसे चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।

 

इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उन्होंने चार साल के कार्यकाल में अपनी पूरी ईमानदारी के साथ सरकार चलाई। उनके साथ सरकार के अंग के तौर पर अन्य संस्थाओं ने भी उसी ईमानदारी के साथ कार्य किया। नवजात शिशु से लेकर कुपोषित बच्चों को पोषित करने और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं के लिए कई योजनाएं भी चलाई। साथ ही उन्होंने कहा कि जच्चा-बच्चा के स्वस्थ जीवन के लिए सौभाग्यवती योजना के जरिये गर्भवती बहनों को किट देने की योजना भी उन्होंने ही शुरू की थी।

 

जिसका नाम बदलकर अब सरकार ने महालक्ष्मी योजना कर दिया है। इसके साथ ही त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि नदियों के पुनर्जीवन के लिए भी उनकी सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किया। आज उसके परिणाम सामने हैं। सौंग बांध के जरिये देहरादून के बाशिंदों को ग्रेविटी वाटर देने की योजना पर भी कार्य किया। उन्होंने कहा कि संघ ने भी नए हिंदू वर्ष से भूमि संरक्षण के कार्य को अपने हाथ में लिया है, जिससे जमीन की उर्वरक क्षमता में वृद्धि हो सके। आज केमिकल से खेती में उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने का प्रयास किया जा रहा है। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए कितना घातक है, इसे हमें समझना होगा। कार्यक्रम में मंडी परिषद के अध्यक्ष राजेश शर्मा, वन निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, रुद्रपुर नगर निगम के महापौर रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष सुभाष यादव, महिला मंडल अध्यक्ष कमली भट्ट, भाजयुमो के पूर्व महानगर महामंत्री राजेश रावत आदि मौजूद रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top