देश/ विदेश

काबुल एयरपोर्ट पर अफगानी सेना और अज्ञात हमलावरों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग..

एक जवान की मौत,तीन घायल..

अफगानिस्तान में महिलाएं और बच्चों पर तालिबानी हमला..

 

 

देश-विदेश: अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद पूरे देश में दहशत का माहौल है। कई लोग देश को छोड़कर भाग भी रहे हैं। अफगानिस्तान पर 20 साल के बाद एक बार फिर तालिबान का कब्जा हो गया है। उसने देश के राष्ट्रपति भवन पर भी कब्जा जमा लिया है। वहीं देश में स्थिति भयावह बनी हुई है। लोग बिना सामान लिए देश छोड़कर भाग रहे हैं। इसी हालत की देखते हुए अब कई दूसरे आतंकी संगठन भी इसका फायदा लेने की कोशिश में लगे हुए हैं। जानकारी के अनुसार काबुल एयरपोर्ट पर सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की है। जिसमें अफगानी सुरक्षा बल के एक जवान की मौत हो गई है। वहीं, तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

आपको बता दें कि काबुल एयरपोर्ट पर विमान में सवार होने के लिए भीड़ इस तरह जुट रही है जैसे कोई बस स्टेशन हो या रेलवे का अनारक्षित डब्बा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं कई तस्वीरों में विमान के रनवे पर दौड़ने के साथ उसके पास जुटी लोगों की भीड़ भी दौड़ती दिखाई दी थी। इस स्थिति में भीड़ बेकाबू हो जाती है और सेना के जवानों को फायरिंग करनी पड़ती है।

 

वहीं इस हफ्ते की शुरुआत में भी काबुल एयरपोर्ट पर देश छोड़ने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी और तब भी भगदड़ मच गई थी। इस बीच फायरिंग हुई थी, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी। वहीं बीते रविवार को दोबारा फायरिंग हुई जिसमें सात लोगों की जान चली गई।

आपको बता दें कि तालिबानियों के शिकार सबसे अधिक महिलाएं और बच्चे ही हो रहे हैं। काबुल से आ रहीं तस्वीरें इसे मजबूती से बयां करती हैं। कोई मां अपने बच्चों से बिछड़ रही है। कोई मां अपने बच्चों को जानबूझकर खुद से दूर भेज रही है, ताकि उन्हें कोई खतरा न हो और उन्हें नई जिंदगी मिल सके।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top