किसानों ने कस ली कमर, भारत बंद को सफल बनाने के लिए..
चार राज्य नहीं हैं शामिल..
देश-विदेश : किसानों के आह्वान पर आज भारत बंद में देश के चार राज्य शामिल नहीं होंगे। जिन राज्यों में चुनाव होना है उन्हें छोड़ सभी राज्यों में संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद को सफल बनाने की तैयारियां पूरी कर ली है। सिंघु, टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर अपनी मांगों के समर्थन में डटे आंदोलनकारी सुबह 6 बजे से ही बंद को सफल बनाने में जुट जाएंगे।
किसान नेता बलवीर सिंह राजेवाल ने कहा कि बंद के दौरान रेल और बस सेवाएं बंद रहेंगी। उन्होंने दावा किया है कि इस दौरान बाजार भी बंद रहेगा। इस दौरान चार राज्यों को छोड़ सभी राज्यों में रेलवे ट्रैक पर भी प्रदर्शनकारी पहुंचेंगे। किसानों की मांगों पर सरकार के साथ 11 दौर की वार्ताओं के बावजूद कोई हल न निकलने की वजह से किसान, पिछले चार महीने से दिल्ली की सीमाओं पर विरोध जता रहे हैं।
सीमाओं पर भले ही कम लोग, बंद को सफल बनाने में मुस्तैद..
सिंघु बॉर्डर पर बृहस्पतिवार स्टेज से नेताओं के संबोधन में केंद्र सरकार के रवैये पर लगातार निशाना साधे जा रहे थे। संबोधन को सुनने वालों में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। बंद को सफल बनाने के लिए नेताओं ने सभी वर्गों को एकजुट रहकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि जब तक उनकी मांगे नहीं मंजूर होती हैं विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों की कम संख्या के बारे में मोर्चा के परमजीत सिंह का कहना है कि खेती में व्यस्त होने की वजह से दिल्ली की सीमाओं पर फिलहाल कम हैं। लेकिन भारत बंद में अपनी भूमिका निभाएंगे। मोर्चा के नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि भारत बंद का पंजाब, हरियाणा में व्यापक असर दिखेगा। हालांकि किसानों के समर्थन में यह देशव्यापी बंद हैं, जिसमें सभी राज्यों के लोग शामिल हो रहे हैं।
पानी को बर्बादी रोकने के लिए किसानों ने की पहल..
गर्मियों में पानी की दिक्कत न हो, इसलिए पानी की बर्बादी रोकने के लिए सिंघु बॉर्डर पर कुछ कार्यकर्ता नई पाइपलाइन बिछाते दिखे। उन्होंने बताया कि चार आरओ प्लांट में इस्तेमाल होने वाले पानी को बर्बाद होने से बचाने के लिए इसे दूसरी टैंक से जोड़ा जा रहा है। बर्बादी से बचाए गए पानी का इस्तेमाल टॉयलेट में किया जाएगा ताकि प्रदर्शनकारियों को पानी की कमी न हो। आंदोलन आगे भी जारी रहेगा, इसलिए सभी तैयारियां की गई हैं।