Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

तिवाड़ी के कांग्रेस छोड़ने से पार्टी को लगा बड़ा झटका..

पार्टी में सम्मान न मिलने से आहत थे श्री तिवाड़ी..

दो दशक से पार्टी में सक्रिय भूमिका अदा कर रहे थे उपाध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी..

आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा हर्जाना..

रुद्रप्रयाग:  कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। आप के वरिष्ठ नेता सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल एवं आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने श्री तिवाड़ी को आप की सदस्यता दिलाई। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता सुमंत तिवाड़ी ने कांग्रेस से रिश्ता तोड़ते हुए आप से रिश्ता जोड़ लिया। दरअसल, कुछ दिनों से जिले में चर्चाएं चल रही थी कि पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवाड़ी जल्द ही आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले हैं। इन सभी अटकलों को विराम देते हुए मंगलवार को कांग्रेस नेता ने कांग्रेस का साथ छोड़ते हुए आप से दामन जोड़ लिया।

 

बता दें कि कांग्रेस नेता सुमंत तिवाड़ी वर्ष 1998 छात्र जीवन से ही कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं, जबकि वे पार्टी में कई अहम पदों की जिम्मेदारी भी सम्भाल चुके हैं। पिछले 2017 के विधान सभा चुनाव में भी केदारनाथ विधानसभा से सुमन्त तिवाड़ी ने विधायक के टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन टिकट न मिलने से वे पार्टी से नाराज चल रहे थे। जबकि कांग्रेस पार्टी में आंतरिक कलह के कारण भारी गुटबाजी भी समय-समय पर उजागर हुई हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने नये चेहरे के रूप में विधायक का टिकट मनोज रावत को दिया और उन्होंने केदारनाथ विधानसभा से जीत भी दर्ज की।

 

ऐसे में लाजमी ही था कि इस बार भी कांग्रेस मनोज रावत को ही टिकट देगी। ऐसे में सुमंत तिवाड़ी को कांग्रेस में अपना भविष्य सुरक्षित नहीं लग रहा था और उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थामने का निर्णय लिया। श्री तिवाड़ी युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव के पद पर भी रह चुके हैं, जबकि वर्तमान में आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे। दो दशक से कांग्रेस से कदम से कदम मिलाकर साथ चलने वाले सुमंत तिवाड़ी के अचानक से पार्टी को छोड़कर चले जाने से पार्टी को बहुत बड़ा धक्का लगा है। श्री तिवाड़ी की युवाओं में अच्छी पकड़ है, जबकि उनके साथ युवाओं की एक बड़ी टीम भी है।

 

वर्तमान में वे रुद्रप्रयाग से जिला पंचायत उपाध्यक्ष के पद हैं और लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं के निराकरण में लगे रहते हैं। उनके कांग्रेस पार्टी को छोड़ने से कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। अब यह माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भी आप का दाम थामेंगे, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में इसका हर्जाना कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा। आप पार्टी की सदस्यता लेने के बाद सुमंत तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस में युवाओं की भारी उपेक्षा की जा रही थी। कांग्रेस पार्टी के लिए जीजान से समर्पित कार्यकर्ताओं की कोई पूछ नहीं हो रही है। कांग्रेस में आंतरिक द्वंद होने से पार्टी में बिखराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में कांग्रेस को छोड़कर आप का दामन थामा है। श्री तिवाड़ी ने कहा कि आम आदमी पार्टी का विजन स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रोजगार की स्थिति को बेहतर करने का रहा है, जिसकी पहाड़ों में सख्त आवश्यकता है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सोच से जनता परेशान हो चुकी है। इनके पास विकास की कोई ठोस नीति नहीं है। दो दशक तक कांग्रेस पार्टी की सेवा करने के बाद पार्टी की ओर से नये चेहरे को टिकट दिया जाता है और जो कार्यकर्ता रात-दिन पार्टी की सेवा में जुटा है, उसे नकारा जाता है। ऐसी पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आप के टिकट पर केदारनाथ से चुनाव लड़ा जायेगा और पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाया जायेगा। वैसे भी भाजपा और कांग्रेस की कूट नीति से हर वर्ग क्षुब्ध हो चुका है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top