Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

ग्रामीण सड़कों में ओवर लोड के साथ शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक..

ग्रामीण सड़कों में ओवर लोड के साथ शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक..

जिला स्तरीय पत्रकार समिति की बैठक में पत्रकारों ने उठाए कई मुद्दे..

उत्कृष्ट कार्यों के लिए महामहिम राज्यपाल द्वारा डीएम को पुरस्कार प्रदान करने पर दी शुभकामनाएं..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। जिला स्तरीय पत्रकार समिति की बैठक में पत्रकारों ने प्रेस क्लब भवन की मरम्मत कर जिला सूचना कार्यालय एवं प्रेस क्लब को इसी भवन पर संचालित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जिला स्तर पर संचालित हो रही योजनाओं की जानकारी प्रेस प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा पत्रकारों ने ग्रामीण सड़कों में ओवर लोडिंग एवं वाहन चालकों द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने की शिकायतें भी की।

सोमवार को जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय पत्रकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पत्रकारों के उत्पीड़न संबंधित मामलों एवं शासन-प्रशासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित-प्रसारित करने के संबंध में चर्चा की। बैठक में जिला सूचना अधिकारी एवं सदस्य सचिव रती लाल ने जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं उपस्थित पत्रकारों का स्वागत करते हुए बताया कि समिति की बैठकों में मुख्य रूप से पत्रकारों के उत्पीड़न संबंधी मामलों पर विचार कर उनका निस्तारण किया जाता है।

उन्होंने समिति के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन एवं प्रेस के संबंधों को अधिक सशक्त बनाने, शासन-प्रशासन की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करने एवं पत्रकार उत्पीड़न से संबंधित मामलों का निस्तारण करना ही समिति का कार्य है। पत्रकार स्थाई समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में जनपद में पत्रकार उत्पीड़न से संबंधित कोई भी मामला लंबित नहीं है। बैठक में समिति के सदस्य अनसूया प्रसाद मलासी ने कहा कि जिला सूचना कार्यालय वर्तमान में किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जबकि प्रेस क्लब भवन कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ है।

उन्होंने सुझाव दिया कि प्रेस क्लब भवन की मरम्मत कर जिला सूचना कार्यालय एवं प्रेस क्लब को इसी भवन पर संचालित किया जाए। इस अवसर पर समिति के सदस्य लक्ष्मी प्रसाद डिमरी ने प्रशासन एवं पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं जिला स्तर पर संचालित हो रही योजनाओं की जानकारी प्रेस प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर बैठकें आयोजित कर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रेस प्रतिनिधियों को भी जानकारी उपलब्ध कराये जाने की बात कही, ताकि संचालित हो रही योजनाओं को आम जनमानस तक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से भी अपेक्षा की कि जनपद की ग्रामीण सड़कों में ओवर लोडिंग एवं वाहन चालकों द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिस पर कोई दुर्घटना घटित हो सकती है। इस पर उन्होंने आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की। समिति के सदस्य देवेंद्र चमोली ने बताया कि चोपड़ा-गढ़ीधार मोटर मार्ग पीएमजीएसवाई एवं एडीबी द्वारा कार्य किया गया है, जो कि कार्य ठीक ढंग से नहीं किया गया है तथा सड़क की स्थिति ठीक नहीं है। जिस पर उन्होंने उचित कार्यवाही की मांग की। बैठक में अध्यक्ष जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा जो भी सुझाव एवं मामले उठाए गए हैं,

उन पर यथोचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रशासन एवं प्रेस के संबंधों को अधिक सशक्त बनाने, शासन-प्रशासन की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने के लिए जिला स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित कर विकास योजनाओं की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों ने जिला सूचना कार्यालय को प्रेस क्लब में संचालित करने के लिए जिला सूचना अधिकारी एवं प्रेस क्लब का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य पर किए जाने वाले व्यय के संबंध में आंगणन प्रस्ताव उपलब्ध कराएंगे, ताकि प्रेस क्लब की मरम्मत कार्य के लिए धनराशि निर्गत की जा सके।

बैठक से पूर्व जिला सूचना अधिकारी एवं जनपद पत्रकार स्थाई समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए महामहिम राज्यपाल द्वारा प्रदान किए गए उत्कृष्ट जिलाधिकारी पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किए गए मुख्यमंत्री उत्कृष्ट व सुशासन पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा सभी सदस्यों ने बाबा केदारनाथ से उनके उज्जवल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक हर्षवर्धनी सुमन, समिति के सदस्य अनसूया प्रसाद मलासी, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, देवेंद्र चमोली सहित सूचना विभाग के कार्मिक उपस्थित थे।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top