Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

नकल विहीन बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन हुआ सतर्क..

नकल विहीन बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन हुआ सतर्क..

रुद्रप्रयाग जिले में 69 परीक्षा केन्द्रों में 8,599 छात्र लेंगे बोर्ड परीक्षा में भाग..

डीएम मयूर दीक्षित ने केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेटों व संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक..

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन कराने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा के लिए तैनात किए गए केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेटों व संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर डीएम मयूर दीक्षित ने तैयारियों की जानकारी ली।

बता दें कि बोर्ड परीक्षाएं 16 मार्च से प्रारंभ हो रही हैं, जो छः अप्रैल को संपंन होगी। जनपद रुद्रप्रयाग में 69 परीक्षा केंद्र हैं, जिसमें विकासखंड अगस्त्यमुनि में 30, ऊखीमठ में 14 तथा जखोली में 25 परीक्षा केंद्र हैं। इसमें 4 परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं। हाईस्कूल व इंटर में छात्र-छात्राओं की कुल संख्या 8,599 है।

जिसमें इंटर में 4194 छात्र-छात्राएं हैं तथा हाईस्कूल में 4405 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। राजकीय इंटर काॅलेज रतूड़ा में आयोजित बैठक में डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाओं को लेकर अधिकारी सजग रहें। इसके लेकर जो भी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं की जानी हैं, वह सभी समय से पूर्ण कर ली जांए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा को सफलता पूर्वक संपादित कराने के लिए उत्तराखंड विद्यालयी परिषद द्वारा जो भी गाइडलाइन एवं दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, उनको सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भली-भांति अध्ययन कर लें। नकल विहीन परीक्षा कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की कोई ढिलाई एवं लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ड्यूटी में तैनात किए गए शिक्षक किसी भी छात्र-छात्रा का फेबर नहीं करेंगे। यदि किसी ने ऐसा किया और संज्ञान में आने पर कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा परिसर के अंदर मोबाइल फोन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी छात्र एवं शिक्षक-अधिकारी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे। उन्होंने संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के भी उचित प्रबंधन के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों को ठीक ढंग से देख लें एवं सभी परीक्षा केंद्रों में छात्र-छात्राओं को बैठने के लिए उचित व्यवस्था एवं परीक्षा केंद्रों के अंदर उचित लाइट व्यवस्था समय से करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रश्न पत्रों की सुरक्षा एवं रख-रखाव की उचित व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जिससे पुलिस कंट्रोल रूम से आपसी समन्वय बनाए रखा जा सके।

किसी तरह की गड़बड़ी होने की दशा में इसकी जानकारी तत्काल पुलिस कन्ट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद प्रसाद सिमल्टी, ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्ड़ियाल, खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत सिंह रावत, तहसीलदार ऊखीमठ दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि प्रवीण भट्ट, जखोली सूर्यप्रकाश शाह, ऊखीमठ दिनेश मैठाणी सहित परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

 

 

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top