दिव्यांग वृद्धजनों को मिलेगे निःशुल्क उपकरण..
राष्ट्रीय वयोश्री योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश..
रुद्रप्रयाग। भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय वयोश्री योजना के जरिए जिले के शारीरिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को एल्मिको कानपुर की सहायता से जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, इस बाबत जिलाधिकारी मनुज गोयल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक निर्देश देते हुए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जरूरतमंद वृद्धजनों को इस योजना का लाभ पहुंचाने को कहा। साथ ही सरकारी योजनाओं से महरूम दिव्यांगजनों का क्षेत्रवार कैम्प लगाकर चिन्ह्किरण करने को कहा।
व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ने सुनी व्यापारियों की समस्याएं..
रुद्रप्रयाग। व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके निराकरण और सुझाव को लेकर रुद्रप्रयाग में उद्योग व्यापार मंडल की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा ने व्यापारियों को एकजुट होने की अपील की। साथ ही उनकी समस्याएं सुनते हुए समय-समय पर निराकरण का भरोसा दिया।
मुख्यालय में आयोजित जिला बैठक/सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि कोरोना के दौरान सरकार द्वारा व्यापारियों की उपेक्षा की गई, जबकि व्यापारियों ने तन, मन और धन से सरकार और प्रशासन की मदद की। उन्होंने बैठक में आए जिले के सभी 28 व्यापार मंडल इकाइयों के पदाधिकारियों को इसी तरह एकता का परिचय देने को कहा। व्यापारी एकजुट होकर रहेगा तभी, उनकी समस्याएं हल होंगी। बिखराव से कभी भी कोई हल नहीं निकलता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम की सफलता के लिए नगर अध्यक्ष चन्द्रमोहन सेमवाल को बधाई दी। इस मौके पर व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना ने कहा कि हर तीन महीने में व्यापारियों की जिला बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी इकाईयों के पदाधिकारी शामिल होंगे ताकि हम समस्याओं पर चर्चा कर सके।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश चन्द्र मिश्रा, गढ़वाल प्रभारी सुरेश बिष्ट, जिला प्रभारी ईश्वरी चन्द्र मैखुरी, प्रदेश संगठन मंत्री शत्रुघन सिंह नेगी, प्रदेश कार्यसमीति सदस्य अनुसूया प्रसाद भट्ट, राय सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना, जिला महामंत्री मोहन सिंह रौतेला, नगर अध्यक्ष चन्द्रमोहन सेमवाल सभी सभी इकाईयों के अध्यक्ष, महामंत्री मौजूद थे।
