Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

एक सप्ताह से डांडाखाल-जसोली मोटरमार्ग बाधित..

एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को हो रही है परेशानी..

सड़क पर आवाजाही करना हुआ जोखिमभरा..

रुद्रप्रयाग:  पिछले एक सप्ताह से डांडाखाल-जसोली मोटरमार्ग बाधित चल रहा है। मार्ग बाधित होने से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इसी माह चार अगस्त को भारी बारिश से डांडाखाल-जसोली मोटरमार्ग स्योबधार के निकट क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क की सुरक्षा दीवार ढहने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। बता दें कि डांडाखाल-जसोली मार्ग बाधित होने से घोड़साल, लदोली, भुनका, जसोली, झिरोली, तोरियाल, कोट तल्ला-मल्ला, कांडा, भुनका, ग्वाड़, नेल, कोदिमा, बीना सहित कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। स्थानीय निवासी विजय चौधरी, दीपक चौधरी, नारायण सिंह, संतोष रावत, सूरज राणा, दयाल सिंह, पुष्कर सिंह, दिनेश चौधरी, महावीर राणा, हरि चौधरी, दर्शन सिंह, संग्राम सिंह, धूर्व्र सिंह, राकेश सिंह, गोविंद सिंह, राजेन्द्र सिंह, हुकुम सिंह सहित अन्य कई लोगों ने श्रमदान भी किया।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क को भारी नुकसान पहुँचा है। इसकी शिकायत सम्बंधित विभाग को कर दी गई है। लेकिन सड़क को आवाजाही लायक नहीं बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों को खासी परेशानी हो रही है। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के युवा नेता मोहित डिमरी ने डांडाखाल-जसोली मोटरमार्ग के बाधित होने पर जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को जल्द से जल्द आवाजाही लायक बनाया जाय। मार्ग जोखिमभरा हो गया है। इस पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। आम जनता की परेशानी को देखते हुए इस मार्ग को दुरुस्त किया जाना जरूरी है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने कहा कि ठेकेदार को जल्द कार्य शुरू करने को कहा गया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top