Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

महाकुंभ 2021: अंतिम शाही स्नान पर दिखा कोरोना का असर..

महाकुंभ 2021: अंतिम शाही स्नान पर दिखा कोरोना का असर..

उत्तराखंड: हरिद्वार में कोरोना संकट के बीच महाकुंभ के आज हो रहे अंतिम शाही स्नान पर भी महामारी का असर देखने को मिला हैं। हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर चैत्र पूर्णिमा का स्नान करने के लिए बेहद ही कम संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ब्रह्ममुहूर्त में ही शाही स्नान शुरू हो गया था। चैत्र पूर्णिमा के इस स्नान पर आम श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी पर स्नान करने के लिए सुबह 9 बजकर 30 मिनट तक का समय दिया गया था। हालांकि घाटों पर स्नान के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।

 

लेकिन संख्या काफी कम रही। 9 बजकर 30 मिनट के बाद अखाड़ों का स्नान क्रम शुरू होगा। चैत्र पूर्णिमा के शाही स्नान के लिए अखाड़े 50 से 100 संतों को ही शामिल करेंगे। साथ ही वाहनों की संख्या भी बेहद सीमित रहेगी। जूना अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत हरि गिरि और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत रविंद्र पुरी, महानिर्वाणी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी के अनुसार, सभी अखाड़ों ने अपने जुलूस में गृहस्थों को शामिल नहीं करने और कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने का आश्वासन दिया है।

 

वहीं, आईजी कुंभ के निर्देश के बाद सभी पुलिसकर्मी फेस शील्ड और डबल मास्क लगा कर ड्यूटी कर रहे हैं। उनका कहना हैं कि क्योंकि कोरोना के नए वेरिएंट के हवा से भी फैलने के बारे में सुना गया है, जिसको देखते हुए ड्यूटी के दौरान पूरी सावधानी बरती जा रही है। भीड़ के इस बार कम आने की संभावना है। इसलिए स्थानीय लोगों पर अनावश्यक रूप से कोई प्रतिबंध न लगाया जाए। साथ ही विश्व के सबसे पुराने और सबसे बड़े कुंभ मेले के कई प्रोटोकॉल और नियम हैं। मेले का शुभारंभ केवल सात संन्यासी अखाड़ों के स्नान से होता है और बैरागियों के आखिरी शाही स्नान पर यह संपन्न हो जाता है।

 

सभी स्नानों पर संख्या बल के हिसाब से बैरागी सब पर भारी पड़ते हैं। बैरागियों की दिगंबर, निर्मोही और निर्वाणी अणियों के श्रीमहंतों व खालसों का वैभव आखिरी स्नान पर भरपूर नजर आता है। हालांकि, इस बार महामारी के चलते स्नानार्थी बाबाओं की संख्या कम रखी जाएगी, पर शाही स्नान है, इसलिए खूब रंग जमाएंगे। चैत्र पूर्णिमा पर बैरागियों के वैभवपूर्ण शाही स्नान के साथ ही कुंभ मेला बीत जाएगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top