Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

सीबीएसई बोर्ड 2021: 12वीं की परीक्षा स्थगित और 10वीं की परीक्षा हुई रद्द..

सीबीएसई बोर्ड 2021: 12वीं की परीक्षा स्थगित और 10वीं की परीक्षा हुई रद्द..

देश-विदेश: देशभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में 10वीं की परीक्षा रद्द करने और 12वीं की परीक्षा स्थगित करने का निर्णय किया गया है। इस उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय शिक्षा सचिव भी मौजूद रहे।

आपको बता दें कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा को रद्द करने की मांग तेजी से जोर पकड़ रही थी। देशभर में कोरोना संक्रमण की हालत को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत कई बड़ी राजनीतिक, सामाजिक और फिल्मी हस्तियों ने बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की थी।

 

उच्च स्तरीय बैठक में सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। निर्णय के अनुसार कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षाओं को रद्द और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। एक जून को कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा के लिए नया शेड्यूल तैयार किया जा सकता है।

 

शिक्षा मंत्री, बैठक में प्रधानमंत्री ने दोहराया कि छात्रों की भलाई सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के सर्वोत्तम हितों को ध्यान में रखेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए, साथ ही उनके शैक्षणिक हितों को नुकसान भी न पहुंचे। महामारी और स्कूल बंद होने की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, छात्रों की सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए निर्णय किए गए हैं।

 

चार मई से 14 जून, 2021 तक आयोजित होने वाली कक्षा 12वीं के लिए बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इन परीक्षाओं को बाद में आयोजित किया जाएगा।

बोर्ड द्वारा एक जून 2021 को स्थिति की समीक्षा की जाएगी और विवरण साझा किया जाएगा। परीक्षाओं की शुरुआत की सूचना कम से कम 15 दिन पहले दे दी जाएगी।

वहीं, 10वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम सीबीएसई की ओर से तैयार की जाने वाली असेसमेंट पद्धति से किया जाएगा।

अगर कोई विद्यार्थी मूल्यांकन के तहत मिले अंकों से संतुष्ट नहीं होता है तो उसे परीक्षा में बैठने के लिए एक मौका दिया जाएगा। परीक्षा परिस्थितियां अनुकूल होने पर आयोजित की जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top