खाई में गिरी बोलेरो, एक की मौत 4 घायल..
उत्तराखंड: कोरोना कर्फ्यू के चलते भी प्रदेश में वाहनों की आवाजाही थमी हुई है, उसके बाद भी सड़क हादसे की खबर जगह-जगह से सामने आ रही हैं। ऐसी ही एक खबर पौड़ी गढ़वाल से भी सामने आ रही है। जहां पर एक बोलेरो वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला चिकित्सालय पौड़ी में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा हैं कि हादसा घोड़ीखाल-निसणी मोटर मार्ग पर हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग चाकीसैंण तहसील क्षेत्र के रहने वाले हैं। ये लोग अपने रिश्तेदारों से मिलने डोबरिया गांव आए हुए थे। जिसके बाद सभी वाहन में सवार होकर वापस चाकीसैंण जा रहे थे। वाहन जैसे ही घोड़ीखाल-निसणी मोटर मार्ग पर पहुंचा, चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा।