मैं कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने आया हूं: महाराज..
भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक में बताई पार्टी की रीति व नीति..
रुद्रप्रयाग: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्य समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति बताई। उन्होंने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हम ऐसी पार्टी में हैं, जहां छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी सम्मान किया जाता है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बताकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। पार्टी जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल की अध्यक्षता में आहूत बैठक में सतपाल महाराज ने पार्टी की परफॉर्मेंस और जनता के बीच बढ़ रही लोकप्रियता का फीडबैक लिया। प्रभारी मंत्री महाराज ने कहा मैं कार्यकर्ताओं को चार्ज करने आया हूँ । भाजपा के हर कार्यकर्ता की समस्याओं का समाधान किया जायेगा और रोजगार की दृष्टि से कार्यकर्ताओं को विभागों में छोटे-छोटे कार्य दिए जाएंगे। अब विभागों में बड़े ठेकेदारों का एकाधिकार नहीं होगा। कार्यकर्ता की हर समस्या का निदान किया जायेगा।
रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता गांव-गांव बूथ स्तर पर लोगों को योजनाओ की जानकारी देंगे और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान दो सत्रों में पार्टी के राजनीतिक प्रस्ताव सहित भावी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। इससे पहले निर्धारित कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलित के साथ कार्यक्रम शुरू किया गया। इस मौके पर अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए उपस्थित अतिथियों व कार्यकर्ताओं का अभिनंदन व स्वागत किया। जिले के प्रभारी अनिल शाही ने जिला कार्यकारिणी व मण्डलों का कार्यवृत लेते हुए पार्टी की गतिविधियों एवं भावी नियोजित कार्य योजना की जानकारी दी।
उन्होंने कार्यकर्ताओ का आहवान किया कि मण्डल कार्य समिति से लेकर बूथ स्तर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाएंगे। पन्ना प्रमुख और शक्ति केंद्र के सयोजकों को भी जिम्मेदारी दी जानी है। साथ ही पार्टी संगठन को और मजबूत करना है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, जिला महामंत्री विक्रम कंडारी, अनूप सेमवाल, अनिल शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, पूर्व विधायक शैलारानी रावत, आशा नौटियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चण्डी प्रसाद भट्ट, पूर्व दायित्वधारी अजेंद्र अजय, विक्रम पटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवान, वाचस्पति सेमवाल, शकुंतला जगवाण, वचन सिंह रावत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सरला खण्डूड़ी, महावीर पंवार, नगर पंचायत ऊखीमठ विजय राणा, केदारनाथ नगर पंचायत अध्यक्ष देवप्रकाश सेमवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत अरुण बेंजवाल, मंडल अध्यक्ष तिलवाड़ा सुमाड़ी कुलबीर सिंह रावत सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।